Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

चुनाव 2022 : रथयात्रा के साथ सपा का अभियान आजे से

चुनाव 2022 : रथयात्रा के साथ सपा का अभियान आजे से
X

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रथयात्रा से बुधवार को चुनाव अभियान का आगाज करेंगे। वह लखनऊ से उन्नाव तक रथ लेकर जाएंगे। वहां ग्राम सरौसा स्थित मनोहर लाल इंटर कॉलेज में पूर्व मंत्री मनोहर लाल की मूर्ति अनावरण करेंगे।

जबकि लगभग एक महीने पहले बनाई गई योजना के तहत अखिलेश यादव मूर्ति अनावरण करने के बाद जनसभा को भी संबोधित करते। इसमें उन्नाव के अलावा हरदोई, कानपुर, रायबरेली सहित अन्य जिलों के लोगों के भी जुटने की संभावना थी। मगर इस बीच सोमवार को जिला प्रशासन ने कोविड प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए जनसभा की अनुमति देने से मना कर दिया। इसके बाद सपाइयों ने अपनी रणनीति बदल दी है। अब सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लखनऊ से उन्नाव तक रथ लेकर जाएंगे। रथयात्रा के दौरान करीब डेढ़ सौ से ज्यादा स्थानों उनका स्वागत किया जाएगा। इसके जरिए चुनाव अभियान की शुरुआत होगी।

पार्टी के रणनीतिकारों का कहना है कि पहले चरण में महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं के साथ हुए अत्याचार और कोविड अव्यवस्था को मुद्दा बनाया जाएगा। रथयात्रा के दौरान इन मुद्दों को उठाया जाएगा और जनता से समर्थन मांगा जाएगा। साथ ही सपा सरकार में हुए कार्यों से जनता को वाकिफ कराया जाएगा। यह भी समझाया जाएगा कि भाजपा सरकार ने किस तरह से सपा शासनकाल में हुए कार्यों को अपनी उपलब्धि के रूप में भुना रही है। बुधवार की रथयात्रा के बाद गांव-गांव चलो अभियान शुरू होगा। इसमें अलग-अलग गांवों की जिम्मेदारी पार्टी नेताओं को सौंपी जाएगी।

प्रशासन पर लगाया आरोप

मूर्ति अनावरण समारोह के संयोजक पूर्व विधायक रामकुमार ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने जानबूझ कर अवरोध डाला है। कार्यक्रम के संबंध में 15 जून को ही अवगत करा दिया गया था, जब तैयारी पूरी कर ली गई तो जनसभा की अनुमति देने से मना किया जा रहा है। जबकि ब्लॉक प्रमुख शपथ ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं। अब इंटर कॉलेज में जनसभा नहीं होगी। विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया जाएगा।


Next Story
Share it