Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

अचानक सपा कार्यालय पहुंचे मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव से करीब तीन घंटे की चर्चा

अचानक सपा कार्यालय पहुंचे मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव से करीब तीन घंटे की चर्चा
X

समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव गुरुवार सुबह अचानक प्रदेश कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने करीब 3 घंटे तक पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से वार्ता की। इस दौरान पार्टी के तमाम कार्यकर्ता कार्यालय के बाहर मौजूद रहे। सपा संरक्षक के जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने अन्य लोगों से मुलाकात की।

करीब 10 बजे मुलायम सिंह यादव पार्टी सपा कार्यालय पहुंचे। आमतौर पर उनके पार्टी कार्यालय आने का समय 12 बजे के बाद ही होता है, लेकिन गुरुवार को वह 10 बजे ही आ गए।। इसकी जानकारी मिलते ही करीब आधे घंटे बाद पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी पार्टी कार्यालय पहुंच गए। इसके बाद अन्य नेताओं के आने का सिलसिला शुरू हुआ लेकिन अंदर किसी को जाने नहीं दिया गया। बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव व सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के बीच करीब 3 घंटे तक बातचीत चलती रही।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि कई जिलों में जिला पंचायत सदस्य के नाम को लेकर चल रहे विवाद की जानकारी सपा संरक्षक को मिली थी। उन्होंने इस सिलसिले में पार्टी अध्यक्ष से बातचीत की। यह भी बताया जा रहा है कि सपा संरक्षक ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बारे में भी पूछा। यह जानने की कोशिश की कि अभी पार्टी की तैयारी क्या है। हालांकि अधिकृत तौर पर अभी कोई बयान जारी नहीं किया गया है।

जिस वक्त सपा संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बीच वार्ता चल रही थी उसी समय पार्टी कार्यालय पर कई वरिष्ठ नेता भी पहुंचे लेकिन उन्हें अंदर जाने की इजाजत नहीं दी गई। वार्ता खत्म होने से कुछ पल पहले पूर्व मंत्री बलराम यादव अंदर गए।

पूर्व मुख्यमंत्री से वार्ता के बाद सपा संरक्षक बाहर निकले और कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते हुए कार्यालय से चले गए। उनके जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विभिन्न इलाके से आए नेताओं से मुलाकात की।




Next Story
Share it