चंदौली : मनबढ़ युवक ने पैसे न देने पर अपनी मौसी को मार दी गोली, मामले की जांच में जुटी पुलिस

रिपोर्ट : ओ पी श्रीवास्तव
जनपद चंदौली से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां शहाबगंज थाना क्षेत्र के पखनपुरा गांव में बुधवार को पैसा न देने पर मनबढ़ युवक ने तमंचे से अपनी मौसी पर ही फायर कर दिया।हालांकि गनीमत रही कि गोली युवती के हाथ में लगी। घटना के पश्चात सोनभद्र घोरावल निवासी आरोपित युवक सद्दाम अपने साथियों सहित चार पहिया वाहन से फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची चकिया सीओ प्रीति त्रिपाठी ने घायल महिला को शहाबगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पुलिस ने घटनास्थल से 315 बोर का एक खोखा बरामद किया।
जानकारी के अनुसार पखनपुरा निवासी मोहम्मद रसीद की चार पुत्रियां हैं। बड़ी पुत्री सकीला बानो की शादी घोरावल में हुई है। सकीला के जेठान का पुत्र सद्दाम व्यापार करने के लिए रशीद से पैसे मांगता है। वे उसे कई बार मना कर चुके हैं। इसको लेकर सद्दाम कई बार जान से मारने की धमकी भी दे चुका है। बुधवार की सुबह साथियों समेत पखनपुरा गांव पहुंचकर घर मे मौजूद छोटी पुत्री शबनम बानो से पैसे की मांग करने लगा, उस समय रसीद नमाज पढ़ने मस्जिद में गए थे। शबनम ने पैसा देने से इनकार किया तो सद्दाम ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली युवती के हाथ मे लगी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तबतक वह साथियों सहित फरार हो गया। मौके पर जुटे लोगों ने रसीद को सूचित किया। आनन फानन में रसीद ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ प्रीति त्रिपाठी व एसओ अवनीश राय मयफोर्स सहित मौके पर पहुंचे। घटना स्थल से पुलिस ने 315 बोर का खोखा बरामद किया। वहीं घायल युवती की तहरीर पर घोरावल निवासी सद्दाम और उसके साथी गुलाम रसूल पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।