शहीद की पत्नी बेच रहीं सब्जी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भेजी मदद
झारखंड के गुमला जिले के जो विजय सोरेंग पुलवामा हमले में देश के लिए शहीद हो गए, उनका परिवार मुफलिसी में जी रहा है। शुक्रवार को उनकी पत्नी विमला देवी की एक तस्वीर वायरल हुई जिसमें वह सड़क किनारे बैठी सब्जी बेच रही थीं। शहीद की पत्नी की यह तस्वीर एक यूजर ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को टैग कर ट्वीट की। जिसके बाद हेमंत सोरेन ने इसका संज्ञान लिया और सिमडेगा जिला प्रशासन को तत्काल शहीद के परिवार की मदद करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सिमडेगा के डेप्युटी कमिश्नर (डीसी) को टैग कर लिखा, 'शहीद देश की धरोहर होते हैं। कृपया इनकी हर सम्भव मदद करते हुए जरूरी सभी सरकारी योजनाओं का लाभ जल्द से जल्द पहुंचाएं और सूचित करें।'
.@dc_simdega शहीद देश की धरोहर होते हैं। कृपया इनकी हर सम्भव मदद करते हुए ज़रूरी सभी सरकारी योजनाओं का लाभ जल्द से जल्द पहुँचाते हुए सूचित करें।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) February 14, 2020
ध्यान आकृष्ट कराने के लिए बहुत बहुत धन्यवाद प्रशांत भाई। सरकार की तरफ़ से इन्हें हर सम्भव मदद की जाएगी। https://t.co/JDat37k9Ry
मुख्यमंत्री का निर्देश मिलते ही जिला प्रशासन ऐक्शन में आया और कुछ ही देर में डीसी सिमडेगा ने रिप्लाई किया, 'सर जिला प्रशासन की ओर से शहीद के आश्रितों को हर संभव मदद देने की पहल की जा रही है। शुक्रवार सुबह ही अनुमंडल पदाधिकारी, सिमडेगा और प्रखंड विकास पदाधिकारी, सिमडेगा ने शहीद के आश्रितों के घर जाकर उनसे मुलाकात की और उनका हालचाल लिया।'
सर जिला प्रशासन की ओर से हर संभव मदद देने की पहल शहीद के आश्रितों को देने की पहल की जा रही है। आज सुबह ही अनुमंडल पदाधिकारी, सिमडेगा तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी, सिमडेगा ने शहीद के आश्रितों के घर जाकर उनसे मुलाकात तथा उनका हालचाल लिया। pic.twitter.com/1ptOOlHIoq
— DC SIMDEGA (@dc_simdega) February 14, 2020
झारखंड के तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हमले के दो दिन बाद यानी 16 फरवरी 2019 को एक माह का वेतन देने का ऐलान किया था। उनके मंत्रियों ने भी यही बातें कही थीं। हालांकि रघुवर की सरकार चली गई और आर्थिक मदद एक साल बाद भी फाइलों में घूम रही है।