सुबह सुबह हाई वोल्टेज ड्रामा, कलक्ट्रेट पर मोबाइल टॉवर पर चढ़ हंगामा
आगरा, । ताजनगरी में मंगलवार की सुबह सुबह हाई वोल्टेज ड्रामा हो गया। कलक्ट्रेट में सुबह सफाई कर्मचारी सफाई करने में जुटे थे। तभी एक व्यक्ति किसी तरह कलक्ट्रेट में लगे मोबाइल कंपनी के टॉवर पर चढ़ गया और कूदने की धमकी देते हुए हंगामा करने लगा। शोर सुनकर लोगों की निगाह उस तरफ पहुंची तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में फोर्स बुला लिया गया। व्यक्ति को नीचे उतारे जाने के प्रयास चल रहे थे।
मामला आगरा कलक्ट्रेट का है। सुबह आठ बजे बोदला निवासी 35 वर्षीय सुभाष यहां परिसर में लगे मोबाइल कंपनी के करीब 75 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ गया। सुबह करीब पौने नौ बजे कलक्ट्रेट में कर्मचारियों की इसकी भनक लगी। उन्होंने सुभाष को नीचे उतरने के लिए कहा तो वह कूदने की धमकी देने लगा। कलक्ट्रेट कर्मियों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने भी सुभाष को मनाने का प्रयास लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं हुआ। दरअसल सुभाष मानसिक स्वास्थ्य आरोग्यशाला में एजेंसी के जरिए संविदा पर अटैंडेंट के पद पर सात वर्ष पहले नौकरी पर लगा था। करीब एक वर्ष पहले सुभाष समेत करीब 24 कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं। इसके बाद से सुभाष अपनी बहाली और बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर मानसिक स्वास्थ्य आरोग्यशाला में प्रार्थना पत्र दे रहा था। सुनवाई न होने देख सुभाष टॉवर पर चढ़ गया।
पुलिस ने सुबह 9:30 बजे सुभाष के बोदला स्थित घर पर संपर्क साधा। वहां से पत्नी निशा को साथ लेकर कलक्ट्रेट पहुंची। निशा ने भी पति से नीचे आने की अपील की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। सुबह करीब 10:30 मानसिक आरोग्यशाला के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने सुभाष से मोबाइल फोन के जरिए बात की, सुभाष अपनी मांगें पूरी होने तक टॉवर पर रहने की जिद पर अड़ा हुआ है। सिटी मजस्ट्रिेट प्रभाकांत अवस्थी और एसपी सिटी प्रशांत कुमार फोर्स के साथ मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने जाल और गद्दों की व्यवस्था कर रखी है।