Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

अजित सिंह ने किया एलान. रालोद सपा-बसपा गठबंधन का हिस्सा होगा

X

लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में गठजोड़ की राजनीति चरम पर है। शनिवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के गठबंधन का औपचारिक एलान हो सकता है। उससे पहले प्रदेश की राजनीति से संबंधित एक खबर मथुरा से आई है।

अखिलेश यादव और मायावती से पहले राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख अजित सिंह ने शुक्रवार मीडिया से बात की। मथुरा के गोवर्धन पैलेस में अजित सिंह ने एलान किया कि रालोद सपा-बसपा गठबंधन का हिस्सा होगा। हालांकि वो सीटों के सवाल पर टालमटोल करते दिखे।

प्रेस वार्ता में रालोद मुखिया चौधरी अजित सिंह ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मोदी सरकार को किसानों को बर्बाद करने वाली सरकार करार दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि भाईचारा बढ़ाकर भाजपा को हराएंगे।

जयंत मथुरा से रह चुके हैं सांसद

गठबंधन में शामिल होने की बात अजित सिंह ने स्वीकार की, लेकिन सीटों के बंटवारे के सवाल पर टालमटोल करते दिखे। रालोद मुखिया ने एलान किया केंद्र में गठबंधन की सरकार बनने पर किसान का कर्ज माफ किया जाएगा।

मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक अजित सिंह की पार्टी गठबंधन में चार सीटों की मांग कर रही है, लेकिन सपा-बसपा रालोद को तीन सीट देने ही पर राजी है। इनमें मथुरा सीट रालोद के खाते में पक्की मानी जा रही है।

मथुरा लोकसभा सीट जाट बाहुल्य है। यहां से अजित सिंह के पुत्र रालोद उपाध्यक्ष जयंत सिंह सांसद भी रह चुके हैं। मथुरा में रालोद का अच्छा खासा वोट बैंक माना जाता है।

रैली कर दिखाई ताकत

रालोद मुखिया ने गुरुवार को कोसीकलां में जनसंवाद रैली कर अपनी ताकत का एहसास कराया। रैली में उमड़ी भीड़ से अजित सिंह भी गदगद हैं। माना जा रहा है कि वो गठबंधन में सीटों को लेकर समझौता करने के मूड में नहीं है।

बता दें कि सपा और बसपा की गठबंधन की खबरों पर शनिवार को विराम लग सकता है। लखनऊ में दोनों पार्टियों के अध्यक्ष गठबंधन का औपचारिक एलान कर सकते हैं। फिलहाल अब सबकी निगाहें इस प्रेस कॉन्फ्रेंस पर हैं।

Next Story
Share it