Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

शिवपाल यादव का बड़ा एलान- लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे और केन्द्र सरकार में भी शामिल होंगे

शिवपाल यादव का बड़ा एलान- लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे और  केन्द्र सरकार में भी शामिल होंगे
X

इटावा । भैया दूज के पर्व पर कल इटावा में बहन से आशीर्वाद लेने के बाद प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के संस्थापक शिवपाल सिंह यादव बेहद उत्साहित हैं। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी सीटों पर लड़ेगी।

शिवपाल सिंह यादव का इरादा अब केंद्र सरकार में शामिल होने का है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रत्याशी न सिर्फ लोकसभा चुनाव लड़ेंगे बल्कि जीतेंगे भी। लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद हम केंद्र सरकार में शामिल होंगे। शिवपाल सिंह यादव ने आज इटावा में अपने समर्थकों के साथ बैठक की। उन्होंने यह भी दावा किया कि 2022 में सूबे में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

शिवपाल ने अपने समर्थकों के बीच साफ-साफ कहा कि अब समाजवादी पार्टी का ग्राफ गिरेगा। शिवपाल ने सपा के महासचिव रामगोपाल यादव का नाम लिए बगैर उन्हें घेरा और कहा कि दिल्ली में सपा का मैनेजमेंट सही नहीं था। इसी कारण नेता जी देश के पीएम व राष्ट्रपति नही बन पाए। शिवपाल सिंह यादव ने अपने भाषण में सूबे की भाजपा सरकार व पूर्व की सपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सूबे की भाजपा सरकार में लोगों की परेशानियां बढ़ी हैं। आम जनता को न्याय नहीं मिल रहा। थाना व तहसील में पीडि़तों का जमकर शोषण हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में जमीनों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं।

शिवपाल सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासन में जमीनों पर कब्जे किए गए थे। उस दौरान भी शराब माफिया सक्रिय थे। वह न सिर्फ सक्रिय थे बल्कि हावी थे। उन्होंने कहा कि जब हमने समाजवादी पार्टी की कुछ खराब नीतियों का विरोध किया तब नेता जी ने भी मेरी बात का समर्थन किया था। जिसके बाद हम दोनों लोगों को पार्टी से निकाल दिया गया था।

Next Story
Share it