Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

अखिलेश के साथ मंच साझा कर मुलायम ने बोला बीजेपी सरकार पर हमला

अखिलेश के साथ मंच साझा कर मुलायम ने बोला बीजेपी सरकार पर हमला
X

सपा के संस्थापक अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को एक बार फिर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ मंच साझा किया। उन्होंने भाजपा पर वादाखिलाफी करके जनता को धोखा देने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं से भाजपा की मुद्दा भटकाने वाली रीति-नीति से सावधान रहने और लोकसभा चुनाव में समाजवादियों की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

मुलायम सपा मुख्यालय में तेलंगाना, झारखंड व छत्तीसगढ़ से आए नेताओं व प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, सपा और अन्य दलों में अंतर है। समाजवादी अपने वादे निभाते हैं। सपा सरकार में मुफ्त दवाई, पढ़ाई, सिंचाई की व्यवस्था थी। किसानों को सुविधाएं थीं। नौजवानों को रोजगार मिला।

भाजपा सरकार ने जनता को धोखा दिया है। हर व्यक्ति के खाते में 15 लाख जमा करने का वादा किया था लेकिन एक पैसा नहीं आया। अच्छा होता पांच-पांच लाख या तीन-तीन लाख रुपये की किस्तों में ही अदा कर देते। सपा ने 17 छोटी जातियों, समाज के कमजोर वर्गों, खासकर महिलाओं व नौजवानों को वरीयता तथा सम्मान दिया है। भाजपा ने एक भी जनहित का काम नहीं किया।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, पूरा देश जान गया है कि भाजपा ने लोगों को ठगा है। भाजपाई जो मुद्दा चाहते हैं उसे ही सोशल मीडिया, टीवी और समाचार पत्रों में प्रचारित कर देते हैं। इससे सच-झूठ का आसानी से पता नहीं चल पाता। इसलिए हमें सावधान रहना है। जनता दूसरी बातों में भी फंस जाती है, हमें उसे सचेत रखना है।

लोकसभा चुनाव में जीत के लिए वोट बढ़ाना और बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती जरूरी है। ईवीएम पर भी शक है। हम बैलेट पेपर से चुनाव की मांग कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं से कहा, लोकसभा चुनाव को पूरी गंभीरता से लेना है। जनता भाजपा से हिसाब-किताब करने के लिए तैयार बैठी है।

इस मौके पर हिंदी संस्थान के पूर्व अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, प्रदेश सपा अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पूर्व सांसद श्रीराम सिंह शाक्य व छोटे सिंह, विधायक महबूब अली, तेलंगाना के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. एस. सिमहाद्री, झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष केशव यादव उर्फ रंजन यादव एवं छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष तनवीर अहमद, नवाब इकबाल महमूद एवं लियाकत अली मौजूद रहे। इस दौरान कई शायराें एवं गीतकारों ने प्रस्तुतियां दीं।

झारखंड के अनूप सपा में शामिल

झारखंड के गढ़वा जिले के निवासी अनूप त्रिपाठी सोमवार को अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा में शामिल हो गए। वह इंजीनियरिंग के स्नातक हैं और छात्रसंघ के अध्यक्ष रह चुके हैं।

Next Story
Share it