Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

गुजरात में भाजपा को मिलेगा बहुमत, हारने के लिए कांग्रेस ने ली सुपारी: वाघेला

गुजरात में भाजपा को मिलेगा बहुमत, हारने के लिए कांग्रेस ने ली सुपारी: वाघेला
X
गुजरात चुनाव में दोनों मुख्य पार्टियों के बीच जारी राजनीतिक घमासान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला ने दावा किया है कि हारने के लिए कांग्रेस ने भाजपा से सुपारी ली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जानबूझकर भाजपा से हारना चाहती है और भाजपा को बहुमत मिलने वाला है।
गुजरात की राजनीति में तीन दशक से भी अधिक समय तक अग्रणी भूमिका निभाने वाले 77 वर्षीय वाघेला का कहना है कि मैंने राहुल गांधी से कहा था कि पार्टी 90 सीटों से ज्यादा जीत सकती है और उन्होंने मुझे पूरे समर्थन का वादा भी किया था। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के कुछ बड़े नेता चुनाव नहीं जीतना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने चुनाव हारने के लिए भाजपा से सुपारी ली है। वहीं उन्होंने चुनाव में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने की भविष्यवाणी भी की। छह बार सांसद रह चुके वाघेला ने अपना संगठन 'जन विकल्प मोर्चा' तैयार करने के लिए चुनाव से कुछ महीने पहले कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। बता दें कि वाघेला राज्य में अलग-अलग समय पर कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियों के प्रमुख रह चुके हैं।
हार्दिक बन जाएंगे 'इतिहास'
वाघेला का दावा है कि इस चुनाव के बाद पाटीदार नेता हार्दिक पटेल इतिहास बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि हार्दिक जैसे लोग केवल अपने हितों के लिए कार्य करते हैं। आप देखेंगे कि चुनाव खत्म होने के बाद वे इतिहास बन जाएंगे।
... तो जीत सकती थी कांग्रेस
वाघेला का मानना है कि अगर कांग्रेस थोड़ी पहले तैयारी शुरू करती तो वह चुनाव जीत सकती थी। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास एक मजबूत संगठन के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं का बड़ा आधार है। अगर आप उन्हें चुनौती देना चाहते हैं तो आपको चुनाव से छह महीने पहले जमीन पर काम शुरू कर देना होगा।
Next Story
Share it