Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

सीएम योगी का बस्ती में ऐलान, अब नहीं होगा सरकारी धन का दुरुपयोग

सीएम योगी का बस्ती में ऐलान, अब नहीं होगा सरकारी धन का दुरुपयोग
X
बस्ती - उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का परचम लहराने को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कमर कस ली है। बीते दो दिन से लगातार जनसभा कर रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बस्ती में जनसभा की।
बस्ती के राजकीय इंटर कालेज के मैदान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के विकास करने के लिए जो धन मिला है, उसका पाई-पाई जनता के काम में लगेगा। उन्होंने कहा कि विकास के काम में लगने को आए धन का अब बंदरबाट नहीं होने दिया जाएगा। जनता भी विकास में खर्च धन का हिसाब ले सकती है। इसके लिए संवेदनशील इकाई का गठन जरूरी है। प्रदेश में जनता की बुनियादी सुविधाओं के लिए जो मिले धन का सदुपयोग होना चाहिए। लोग शहर में जब आते हैं तो उन्हें सड़क, बिजली, पानी की सुविधा नहीं मिल पाती है। सडी-गली इस व्यवस्था को पूरी तरह से बदलना है।
मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कालेज के खचाखच भरे मैदान में कहा कि बस्ती मेरे लिए अपरिचित जनपद नहीं है। समय-समय पर आपके बीच आता रहा हूं। मैने जब यहां पहली समीक्षा बैठक की थी उसी समय मुंडेरवा चीनी मिल के लिए 360 करोड़ दिया था। अगले माह ही उसका शिलान्यास किया जाएगा। हम मिलों के माध्यम से नौजवानों को नौकरी देंगे। किसानों को उपज का अच्छा दाम देंगे। किसानों की आय दोगुना होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों का कर्ज माफ किया। पहली बार किसानों के घर जाकर उन्हें प्रमाण पत्र दिया गया। इससे 86 लाख किसानों को लाभ हुआ है। इस बार 37 लाख क्विंटल गेहूं खरीदा गया और किसानों का 25000 करोड़ का भुगतान भी किया गया है। जिनका पिछला बकाया रह गया है उसे भुगतान करने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार परिवारवाद से दूर जनता के हितों को संरक्षण देने वाली सरकार है। विकास प्रक्रिया में सभी का योगदान महत्वपूर्ण है। सीएम योगी आदित्यनाथ निकाय चुनाव में रैलियों के जरिये विपक्षी दलों पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने बसपा और सपा को आड़े हाथों लिया था जबकि कानपुर में भी विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला था। सीएम योगी आदित्यनाथ बस्ती के बाद अब गोरखपुर जाएंगे।
Next Story
Share it