Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

देश को नरक में ले गई पीएम मोदी की 'मनी प्रीत' : आजम खां

देश को नरक में ले गई पीएम मोदी की मनी प्रीत : आजम खां
X
आगरा - आजम खां ने आज पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में दोबारा अध्यक्ष बने अखिलेश यादव को जोरदार बधाई दी। इसके बाद उनके निशाने पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रहे। आजम खां ने देश की अर्थव्यवस्था पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'मनी प्रीत' के कारण देश नरक में जा रहा है।
आगरा के तारघर मैदान में हो रहे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में आजम खां ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने नोटबंदी से अर्थव्यवस्था में बदलाव की बात कही थी, इससे हालात और बिगड़ गए हैं। नोट बंदी से देश का धीमा हुआ कारोबार अब जीएसटी से बिल्कुल ठप हो गया है। यह सब देश के बादशाह के नोट के प्यार में हो गया है। उनको मनी से काफी प्यार है। उन्होंने कहा कि एक हनीप्रीत तो बाबा रामरहीम को नरक में ले गई और देश के बादशाह की मनी प्रीत देश को नरक में ले गई।
आजम खां ने कहा कि भाजपा में कुछ बड़ा है तो वो है पहाड़ जैसा झूठ। आजम खां ने बादशाह की बात को आगे ले जाते हुए कहा कि हम जानते हैं कि गुजरात अपनी सरहदें तोड़कर आगे निकल सकता है। हम जानते हैं कि आने वाला चुनाव हमारे खून की रंगत से लाल हो सकता है। हम जानते हैं कि यह देश हमारा है। आजम ने कहा कि मैं नरेंद्र मोदी को चुनौती देता हूं कि मुसलमानों से वोट का अधिकार छीन लो। उसी दिन सत्ता छिन जाएगी। रोहिंग्या की आड़ में हम पर जुल्म की तैयारी मत करो।
आजम खां ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीएम ने रोजगार का वादा किया, खातों में रकम पहुंचाने का वादा किया। वह तीन वर्ष बाद तो बता दें कि किसको कितना मिला है। उन्होंने कहा कि यह सच है कि तुम मांगते तो बादशाह इन्कार नहीं करता। बादशाह झूठा नहीं होता, जो झूठा होता है, वह बादशाह नहीं होता। उन्होंने कहा कि देश की हर समस्या का हल आरएसएस व भाजपा के पास है, लेकिन केवल मुसलमानों का नहीं।
इसके बाद आजम खां ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को छोटे बादशाह कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छोटे बादशाह ने कहा कि मुगल हमारे पूर्वज नहीं हैं। भाई हमारे पूर्वज भी मुगल नहीं है। योगी जी इतिहास पढ़ो। मुगल खुद नहीं आए थे, मुगलों को कौन लाया था। देश के महान अकबर के सिपहसालार मानसिंह क्यों बने थे। हमें हमारे दीन का फरमान है कि किसी धर्म के पेशवा का अपमान मत करो। मुगल हमारे आदर्श नहीं हैं। हमारे आदर्श राम हैं, कृष्ण हैं। दूसरी आबादी आपसे पूछती है कि मोहम्मद साहब, इस मसीह आपके आदर्श हैं कि नहीं, बताओ योगी जी।
अखिलेश को भी दिखा दी आंख
आजम खां ने राष्ट्रीय अधिवेशन में पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने भी अपनी ताकत दिखाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश आप समझते हैं कि हमारी राजनीति आपके लिए नुकसानदेह है तो आप कह दीजिए, आजम अभी इस सम्मेलन से चला जाएगा। कोई आपसे कुछ कहे, कोई आंकड़ा गिनाए आप पहले चुनाव आयोग से जाकर आंकड़े ले लेना पर पता कर लेना। मुसलमान आपके हाथ मजबूत करेंगे। जो हमारे बारे में आपके कानों में कुछ कहता है, वो आपका नहीं है। हमने अपनी आने वाली नस्ल भी आपको सौंप दी है।
Next Story
Share it