LPG गैस सिलेंडर संकट पर PM मोदी का संदेश : अफवाहों से बचें, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई।
रिपोर्ट : विजय तिवारी
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा सप्लाई चेन पर उसके असर के बीच देश में LPG गैस सिलेंडर को लेकर फैल रही आशंकाओं पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से घबराने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर हाल में देश के नागरिकों के हितों की रक्षा करेगी और जरूरी आपूर्ति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रही है।
तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में एनडीए की एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर पूरी दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ा है। इसके बावजूद भारत “इंडिया फर्स्ट” की नीति पर चलते हुए हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने लोगों से अपील की कि LPG को लेकर किसी भी तरह की पैनिक या अफवाह फैलाने से बचें और केवल सही तथा वेरिफाइड जानकारी ही साझा करें।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान 140 करोड़ भारतीयों ने दुनिया को दिखाया था कि कठिन परिस्थितियों में भी देश एकजुट होकर चुनौतियों का सामना कर सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश इस स्थिति से भी सफलतापूर्वक निपटेगा।
इधर, सरकार ने साफ किया है कि देश में कच्चे तेल की आपूर्ति फिलहाल सुरक्षित और निर्बाध है। भारत रोजाना बड़ी मात्रा में क्रूड ऑयल की उपलब्धता बनाए हुए है, जबकि LPG की जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात से पूरा किया जाता है। अधिकारियों के मुताबिक भारत अपनी कुल LPG जरूरत का लगभग 60 प्रतिशत आयात करता है, जिसमें से बड़ी मात्रा पश्चिम एशिया से समुद्री मार्ग के जरिए आती है। ऐसे में क्षेत्रीय तनाव का असर सप्लाई चेन पर पड़ना स्वाभाविक है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
हालांकि कुछ इलाकों में कमर्शियल LPG सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से होटल और रेस्टोरेंट सेक्टर पर असर पड़ने की खबरें सामने आई हैं। इस बीच प्रधानमंत्री ने राज्यों की सरकारों से भी कहा है कि वे जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी नजर रखें और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
प्रधानमंत्री ने दोहराया कि सरकार की प्राथमिकता देश और नागरिकों का हित है। उन्होंने कहा कि अफवाहों से माहौल बिगड़ता है और अनावश्यक घबराहट पैदा होती है, इसलिए जनता जिम्मेदारी के साथ सही जानकारी ही साझा करे।
सरकार का कहना है कि ऊर्जा आपूर्ति को लेकर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। ऐसे में आम लोगों से अपील की गई है कि घबराने की बजाय संयम रखें और LPG को लेकर फैल रही अफवाहों से दूर रहें।