ट्रेड डील पर राज्यसभा में बोले पीएम मोदी-वोट बैंक की राजनीति से नहीं, मजबूत इकोसिस्टम से होती है डील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बोल रहे हैं. पीएम ने जैसे ही बोलना शुरू किया, विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया. इस पर पीएम ने अध्यक्ष से कहा, मेरा कहना है कि खरगे जी को सीट पर बैठकर ही बोलकर नारेबाजी करने की अनुमित दे दो. पीएम ने कहा कि सरकार ने हर वर्ग के लिए काम किया है.
पीएम मोदी ने कहा, 21वीं सदी का प्रथम क्वार्टर पूरा हो चुका है. दूसरा क्वार्टर बहुत निर्णायक होगा. विकसित भारत के निर्माण की दिशा में ये दूसरा क्वार्टर भी उतना ही तेज गति से आगे बढ़ने वाला है. सभापति जी, देश का हर व्यक्ति ये महसूस कर रहा है कि हम एक अहम पड़ाव पर पहुंच चुके हैं. अब हमें ना रुकना है और ना पीछे मुड़कर देखना है. हमें आगे बढ़ना है और लक्ष्य को प्राप्त करके ही सांस लेनी है.
भारत के भाग्य के अनेक सुयोग एक साथ नसीब हुए
पीएम ने कहा, वर्तमान में हम देखें तो भारत के भाग्य के अनेक सुयोग एक साथ नसीब हुए हैं. ये अपने आप में बहुत ही उत्तम संयोग है. सबसे बड़ी बात है, विश्व के बड़े देश बुजुर्ग होते जा रहे हैं. हमारा देश ऐसा है जो विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है और हर दिन युवा आबादी वाले देश की ओर बढ़ रहा है.
दूसरी तरफ मैं देख रहा हूं कि जिस तरह विश्व का भारत की ओर आकर्षण बढ़ा है, हमारे पास आज दुनिया का सबसे बड़ा युवा टैलेंट है. जिसके पास सपने और सामर्थ्य भी है. विश्व में जो आज चुनौतियां पैदा हो रही हैं, भारत आज उन चुनौतियों का निवारण करने वाला देश है. भारत की ग्रोथ बहुत हाई है और इन्फ्लेशन लो है. ये हमारी अर्थव्यवस्था को मजबूती देता है.
आज भारत अनेक देशों का भरोसेमंद साझेदार
दुनिया एक नए वर्ल्ड ऑर्डर की ओर बढ़ रही है. भारत की ओर सबका झुकाव है. विश्व मित्र के रूप में आज भारत अनेक देशों का भरोसेमंद साझेदार बना है. जिसमें हम अपनी भूमिका निभा रहे हैं. आज पूरी दुनिया ग्लोबल साउथ की चर्चा करता है, जिसके सूत्रधार के रूप में भारत बुलंद आवाज बन गया है.
अनेक देशों के साथ आज भारत फ्यूचर रेड ट्रेड डील कर रहा है. दुनिया के 9 बड़े देशों के साथ ट्रेड डील की गई हैं. मदर ऑफ आल डील्स भी इसमें है, जिसमें एक साथ 27 देश हैं. विपक्ष पर तंज कसते हुए पीएम ने कहा, जो लोग थक गए और चले गए उनको एक दिन जवाब देना होगा कि दुनिया का कोई देश हमसे डील क्यों नहीं कर रहा था.
दुनिया के देश ऐसे ही आज डील नहीं कर रहे
पीएम ने कहा कि दुनिया के देश भारत के साथ ऐसे ही आज डील नहीं कर रहे हैं. जब विकसित देश डेवलपिंग कंट्री के साथ डील करता है तो अपने आप में ये बड़ी बात है. जब मैं गुजरात का सीएम था तो वाईब्रेंट डील करता था. वोट बैंक की राजनीति में डूबे लोगों ने देश के लिए सोचा ही नहीं. जहां तक कांग्रेस का सवाल है मैं साफ-साफ कहना चाहता हूं कि कांग्रेस राज के पीएम ने जो लाल किले से भाषण दिए, उन्हें देख लो. उनके पास कोई विजन नहीं था.
पीएम ने कहा, देश के लोगों ने हमें सेवा करने का मौका दिया. हमारी काफी शक्ति कांग्रेस की गलतियों को सही करने में जा रही है. हमने फ्यूचर रेडी पॉलिसी को लागू पर जोर दिया है. आज देश पॉलिसी पर चल रहा है. भारत आज रिफॉर्म एक्सप्रेस पर चल रहा है. आज दुनिया हमारे उद्यमियों को समानता से देखती है.
पीएम मोदी ने कहा, एमएसएमई का नेटवर्क जितना मजबूत होता है उतनी ताकत देता है. हमने इसके लिए काफी काम किया है, जिसका नतीजा है कि दुनिया का भारत पर भरोसा बढ़ रहा है. देश के प्रयासों का नतीजा है कि बड़े बड़े देश भारत के संबंध रखने के लिए आतुर हैं. ईयू के साथ ट्रेड डील हो या अमेरिका के साथ, पूरा विश्व ट्रेड डील की तारीफ कर रहा है.
जब ईयू के साथ ट्रेड डील हुई तो पूरी दुनिया को यकीन हुआ कि वैश्विक स्तर पर स्थिरता बढ़ेगी. अमेरिका के साथ डील होने पर ये यकीन और मजबूत हुआ.
इससे पहले बुधवार को लोकसभा में हंगामे के चलते उनका भाषण नहीं हो सका था. इसके बाद आज लोकसभा ने धन्यवाद प्रस्ताव को बिना प्रधानमंत्री के जवाब के पारित कर दिया. वहीं, बीते दिन की घटना को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि कल सदन में कांग्रेस के कई नेता किसी अप्रत्याशित घटना को अंजाम देना चाहते थे. इसलिए मेरे अनुरोध पर प्रधानमंत्री मोदी सदन में नहीं आए. विपक्ष के कुछ सदस्यों ने जिस तरह का व्यवहार किया, वैसा लोकसभा की शुरुआत से लेकर आज तक नहीं हुआ. ये काले धब्बे की तरह है.
राज्यसभा में बीजेपी सांसदों ने कहा, पिछले 10 साल में देश में वर्क कल्चर में बदलाव हुआ है. 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है. किसानों की स्थिति में बदलाव आया है. राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए माया नारोलिया ने कहा, 2026 नए भारत बनने का एक नया चरण है. राष्ट्रपति अभिभाषण में गुरु तेगबहादुर जैसे महापुरुषों का स्मरण किया गया है. इससे राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा मिलती है.
कृषि उत्पादन में आत्मनिर्भरता बढ़ी
उन्होंने कहा, मोदी सरकार की नीतियों, कार्यक्रम और विजन के चलते आज 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं. पहले केवल गरीबी हटाओं की बात की जाती थी. आयुष्मान भारत योजना से गरीबों को निशुल्क इलाज दिया जा रहा है. किसान सम्मान निधि योजना से किसानों को आर्थिक मदद दी जा रही है. कृषि उत्पादन में आत्मनिर्भरता बढ़ी है.