अगर पीएम मोदी कल संसद में आते तो कुछ भी हो सकता था, मैंने उनसे न आने का आग्रह किया: स्पीकर ओम बिरला

Update: 2026-02-05 10:42 GMT

लोकसभा में बीते दिन भारी हंगामा हुआ था. विपक्षी महिला सांसद पीएम मोदी की कुर्सी तक पहुंच गई थीं. हंगामे के चलते पीएम मोदी का भाषण नहीं हो सका था. इस पूरे मामले पर स्पीकर ओम बिरला ने सदन में कहा, कल पीएम के साथ कुछ भी हो सकता था. माहौल को देखते हुए मैंने उनसे सदन में ना आने का आग्रह किया था.अगर पीएम मोदी सदन में आते तो कुछ भी अप्रत्याशित हो सकता था.

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा, देश ने देखा कि कल सदन में क्या हुआ. सबने देखा कि कैसे सांसदों ने सदन में पीएम की कुर्सी की तरफ जाने की कोशिश की. मुझे जानकारी मिली थी कि कोई अप्रिय घटना हो सकती थी. ऐसी स्थिति दोबारा ना हो, यह सुनिश्चित करने के लिए मैंने पीएम मोदी से कहा कि वो सदन में न आएं.

स्पीकर ने कहा, विपक्ष के कुछ सदस्यों ने जिस तरह का व्यवहार किया, वैसा आज तक कभी नहीं हुआ. यह घटना काले धब्बे की तरह है. मेरे पास पुख्ता जानकारी आई कि कांग्रेस के कई सदस्य नेता सदन के आसन पर पहुंचकर अप्रत्याशित घटना को अंजाम दे सकते थे. अगर ऐसा होता तो यह बहुत अप्रिय दृश्य देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को तार-तार कर देता.

इसके साथ ही उन महिला सांसदों के नाम भी सामने आए हैं जो पीएम की कुर्सी तक पहुंच गई थीं. इनमें आर. सुधा, ज्योतिमणि, वर्षा गायकवाड़, गेनी बेन ठाकोर, के. काव्या और शोभा बच्छाव शामिल हैं. अब इस मामले को लेकर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने प्रतिक्रिया दी है. स्पीकर के बयान के बाद प्रियंका ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्पीकर ओम बिरला के पीछे छिप रहे हैं. कल उनमें सदन में आने की हिम्मत नहीं थी क्योंकि बेंच के सामने तीन महिलाएं खड़ी थीं. यह क्या बकवास है? कोई चर्चा नहीं हो रही है क्योंकि सरकार चर्चा नहीं चाहती है.


Similar News