प्रयागराज में अनोखी विदाई—दूल्हा हेलीकॉप्टर से ले गया दुल्हन, गांव में लगा मेला; VIP समझ जुटी भीड़

Update: 2025-12-06 10:47 GMT

रिपोर्ट : विजय तिवारी

प्रयागराज। यमुनापार क्षेत्र के सड़वा गांव में 5 दिसंबर की सुबह एक ऐसा नज़ारा देखने को मिला, जिसने पूरे प्रयागराज में उत्सुकता और चर्चा की लहर दौड़ा दी। औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित इस गांव में अंटू यादव बाबा जी की भतीजी की विदाई हेलीकॉप्टर से की गई, जिसे देखने के लिए हजारों ग्रामीण खेतों और रास्तों पर उमड़ पड़े।

दुल्हन की विदाई का यह अनोखा तरीका प्रयागराज के नैनी और करछना क्षेत्र में चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, हेलीकॉप्टर को जैसे ही गांव के पास बने एक खुले खेत में उतारा गया, लोगों को लगा कि कोई बड़ा राजनेता या VIP इलाके में पहुंचा है। सुरक्षा कर्मियों और भीड़ के शोर के बीच जब दूल्हा-दुल्हन हेलीकॉप्टर की ओर बढ़ते दिखाई दिए, तो लोग हैरान रह गए।

4 दिसंबर 2025 को सड़वा गांव में विवाह संपन्न हुआ था और इसकी विदाई 5 दिसंबर 2025 की सुबह करछना तहसील के कौवा गांव के लिए कराई गई। दूल्हे अमन यादव, जो LLB की पढ़ाई कर रहे हैं, ने अपनी दुल्हन आरती यादव (MA पास) की विदाई के लिए किराए पर हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की थी। विदाई के दौरान दुल्हन को हेलिकॉप्टर में बैठाकर उड़ान भरी गई और मात्र 8 मिनट में लगभग 8 किलोमीटर की दूरी तय कर ससुराल पहुँचा दिया गया।

यह अनोखी विदाई का वीडियो क्षेत्र में वायरल हो गया है और लोग इसे आधुनिक शादियों की नई मिसाल बता रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली बार था जब उन्होंने अपने गांव में हेलीकॉप्टर उतरते देखा। बच्चे हों या बुज़ुर्ग—हर किसी ने इस यादगार पल को मोबाइल कैमरों में कैद किया।

स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया

कई लोगों ने कहा कि ऐसे दृश्य आमतौर पर फिल्मों में देखे जाते हैं, लेकिन गांव में सामने देखने का मौका पहली बार मिला।

कुछ लोग इस आयोजन को भव्यता और आधुनिकता का अद्भुत उदाहरण बता रहे हैं।

वहीं, भीड़ का मानना था कि यह पल हमेशा याद रखा जाएगा।

प्रयागराज के यमुनापार सड़वा गांव में हेलीकॉप्टर से दुल्हन की विदाई

दूल्हा अमन यादव ने किराए पर लिया हेलीकॉप्टर

हेलीकॉप्टर खेत में उतरा, भीड़ ने समझा VIP आगमन

8 मिनट में 8 KM दूर करछना के कौवा गांव पहुँची दुल्हन

वीडियो वायरल, पूरे जिले में चर्चा

Similar News