बुलंदशहर ने बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड, एक साथ 1.94 लाख लोगों ने गाया ‘वंदे मातरम्’

Update: 2025-12-02 10:31 GMT

बुलंदशहर जनपद ने देशभर में एक बार फिर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करते हुए इतिहास रच दिया है। “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत 13 अगस्त 2025 को आयोजित राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन कार्यक्रम में 1,94,228 प्रतिभागियों ने एक साथ स्वर मिलाकर देशभक्ति का अद्वितीय संदेश दिया।

जनपद के 1,888 विद्यालयों में एक ही समय पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में 1,80,984 छात्र, 10,217 शिक्षक और 3,027 अभिभावक शामिल हुए। यह कार्यक्रम न केवल प्रदेश में, बल्कि पूरे देश में अपनी अलग छाप छोड़ गया।

इस उपलब्धि को देखते हुए हिंदुस्तान बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने इस आयोजन को “सबसे बड़े सामूहिक राष्ट्रीय गीत गायन” श्रेणी में दर्ज करते हुए बुलंदशहर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया है। इसके साथ ही DM श्रुति शर्मा और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय को Certificate of Excellence प्रदान किया गया।

रिकॉर्ड के लिए आवेदन बेसिक शिक्षा विभाग, बुलंदशहर द्वारा किया गया था, जिसे संगठन ने राष्ट्रीय गौरव, एकता, सांस्कृतिक जुड़ाव और जनसहभागिता का सर्वोत्तम उदाहरण बताते हुए स्वीकार किया।

जिलाधिकारी श्रुति शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में अभूतपूर्व अनुशासन और समन्वय देखने को मिला। उनकी दूरदर्शिता, प्रभावी नेतृत्व क्षमता तथा शिक्षा विभाग के सहयोग से यह आयोजन एक प्रेरक मिसाल बन सका।

इस उपलब्धि ने बुलंदशहर की प्रशासनिक दक्षता को नए आयाम दिए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, यह रिकॉर्ड आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सामूहिक शक्ति का संदेश देगा। पूरे जिले के लिए यह सम्मान गर्व का विषय बन गया है और भारत की सांस्कृतिक शक्ति तथा राष्ट्रीय एकता का एक शानदार उदाहरण प्रस्तुत करता है।

Similar News