चकिया पुलिस की बड़ी सफलता: 15 हजार के इनामिया शातिर गो तस्कर को अवैध हथियार के साथ किया गिरफ्तार

Update: 2025-05-11 09:07 GMT


एक दर्जन से अधिक मुकदमों में वांछित था अभियुक्त, कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद

ओ पी श्रीवास्तव,चंदौली

चंदौली (चकिया): जनपद चन्दौली की चकिया पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता हाथ लगी जब उसने 15 हजार रुपये के इनामी शातिर गो तस्कर अभियुक्त शाहिद अफरीदी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक 315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। अभियुक्त जिले के विभिन्न थानों में दर्ज एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जनपद में अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया, पुलिस उपमहानिरीक्षक परिक्षेत्र वाराणसी वैभव कृष्ण और पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में यह गिरफ्तारी हुई।

पुलिस अधीक्षक के आदेश पर, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन दिगम्बर कुशवाहा और क्षेत्राधिकारी चकिया नामेन्द् कुमार के कुशल पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अतुल कुमार प्रजापति द्वारा गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार शाम करीब 6 बजे पटेल तिराहे से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित सिकंदरपुर पोखरे के पास से अभियुक्त को दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शाहिद अफरीदी पुत्र अलीम अंसारी, निवासी ग्राम चितौड़ी, थाना बबुरी, जनपद चन्दौली के रूप में हुई है। अभियुक्त के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, व आईपीसी की गंभीर धाराओं में कुल 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में शामिल रहे थानाध्यक्ष अतुल कुमार प्रजापति,उपनिरीक्षक अवधेश यादव,हेड कांस्टेबल दीपचन्द्र गिरी,हेड कांस्टेबल जल भरत यादव,हेड कांस्टेबल सुहेल अहमद,

कांस्टेबल रविन्द्र कुमार।

Similar News