बहराइच शहर में विकास की बयार- सुधा टेकड़ीवाल के प्रयासों से सड़कों से लेकर घाट तक हो रहा कायाकल्प
आनन्द गुप्ता/के0के0 सक्सेना
बहराइच।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व नगर विकास मंत्री एके शर्मा के संकल्प को मूर्त रूप देने में नगर पालिका परिषद बहराइच पूरी मजबूती से जुट गई है। नगर पालिका अध्यक्ष सुधा टेकड़ीवाल के प्रयासों से करोड़ों की लागत से विकास कार्यों की बयार बह रही है। शहर की तंग गलियों से लेकर प्रमुख चौराहों तक न सिर्फ नई सड़कों का निर्माण हो रहा है बल्कि घाटों, नालों, पार्कों व धार्मिक स्थलों का कायाकल्प भी तेजी से कराया जा रहा है।
अध्यक्ष सुधा टेकड़ीवाल ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 का बजट अब प्राप्त हुआ है। इसके तहत 5 करोड़ 85 लाख की लागत से 74 सड़कों का निर्माण स्वीकृत हुआ है। वहीं काया-कल्प योजना से दो विद्यालयों, यात्री शेड और महाराणा प्रताप चौक से रेलवे स्टेशन तक लाइटिंग व्यवस्था पर 1 करोड़ 11 लाख 81 हजार से अधिक खर्च होगा। राज्य वित्त से भी करीब 25 निर्माण कार्यों का टेंडर जारी हो चुका है।
200 से अधिक निर्माण व मरम्मत कार्य पूरे
इस वित्तीय वर्ष 200 से अधिक निर्माण व मरम्मत कार्य नगर क्षेत्र में हो चुके हैं। स्वर्ग धाम स्थल का सौंदर्यीकरण 44 लाख 62 हजार की लागत से कराया जा रहा है, जबकि तिकोनी बाग से स्वर्ग धाम मार्ग निर्माण हेतु 90 लाख का टेंडर हो चुका है। डीएम चौराहे से गुरुद्वारा तक 80 लाख, पीपल चौराहे से गुदड़ी रोड तक 24 लाख 31 हजार तथा छोटी बाजार से पानी टंकी तक 40 लाख की लागत से सड़कें बन रही हैं।
नालों और जलनिकासी पर जोर
नगर में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए चांदमारी, रविदास, रायपुर राजा, किला सहित कई इलाकों में नाला निर्माण जारी है। सरस्वती नगर में 2 करोड़, गल्ला मंडी से आउटर तक 1 करोड़ की लागत से नाले बन रहे हैं।
पर्यटन व धार्मिक स्थलों का कायाकल्प
बेरिया मंदिर परिसर का तालाब 50 लाख की लागत से संवार दिया गया है। गुल्लाबीर मंदिर में 60 लाख की लागत से वंदन योजना का काम जारी है। इंदिरा स्टेडियम व अन्य स्थानों पर शौचालय निर्माण कराया जा चुका है। 35 लाख की लागत से नगर का पहला वेडिंग जोन बनाया गया है। वहीं मरी माता मंदिर तट पर 1 करोड़ 68 लाख से घाट निर्माण हो रहा है।
सुरक्षा व स्मार्ट सिटी की ओर कदम
शहर की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अब तक 17 लाख की लागत से कैमरे लगाए गए हैं, जबकि शीघ्र ही 40 लाख की लागत से पूरा नगर सीसीटीवी निगरानी में होगा। त्योहारी सीजन को देखते हुए जुलूस मार्गों पर अस्थायी कैमरे भी लगाए गए हैं।
नगर पालिका को स्मार्ट सिटी योजना में चयनित कर लिया गया है। इसके तहत घंटाघर पार्क, स्टीलगंज पार्क और अन्य स्थलों का कायाकल्प होगा। गणेश पूजा विसर्जन, बारावफात, दशहरा, दुर्गापूजा और दीपावली पर स्वच्छता एवं विद्युतीकरण की विशेष व्यवस्था होगी।
पालिका अध्यक्ष सुधा टेकड़ीवाल ने कहा कि – “आप सभी के सहयोग से बहुत जल्द बहराइच विकसित और आधुनिक नगर के रूप में पहचान बनाएगा।”