भारतीय सेना ने आतंकियों को मारा, भक्तों ने बाबा को पहनाया कमल हजारा

Update: 2025-05-08 05:46 GMT

वाराणसी। भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान मेें घुसकर आपरेशन सिंदूर के तहत की गई मिसाइल स्ट्राइक की खबर मिलते ही पूरा बनारस बम-बम हो उठा। जगह-जगह लोग सड़काें पर उतर पड़े तो काशी की धर्मप्राण जनता ने सड़कों, गंगा घाटों से लेकर मंदिरों तक भारतीय सेना के पराक्रम का जश्न मनाया।

आतंकी शिविरों के नष्ट होने की खुशी मिलते ही भक्तों का उत्साह उमड़ पड़ा। आपस में तो उन्होंने इस खुशी को साझा किया ही, अपने ईष्टदेव तक काे इसके लिए धन्यवाद देने मंदिरों तक पहुंच गए। बाबा विश्वनाथ दरबार में भक्तों ने हर-हर महादेव का उद्घोष कर अपनी प्रसन्नता तथा बाबा के प्रति आभार जताते आदि विश्वेश्वर को कमल पुष्पों का हजारा हार अर्पित किया।

भारत को और शक्ति बल मिले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय सैनिकों को बाबा विश्वनाथ की कृपा प्राप्त हो, इस निमित्त सनातन रक्षक दल के अध्यक्ष अजय शर्मा और भाजपा संस्कृति प्रकोष्ठ के संयोजक गीतकार कन्हैया दुबे केडी ने साथ में 11 किलो मलाई पूड़ी व पांच किलो मालपुआ का भोग लगाते हुए कहा कि बाबा विश्वनाथ की कृपा से ही यह सब संभव हो रहा है। अब पाकिस्तान औकात में रहेगा। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने खुशी व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं। 

पुलिस के जवानों पर बरसाए फूल

बड़ादेव के स्वर्ण व्यवसायियों ने खुशी जताते हुए तिरंगा लहरा कर फूलों की वर्षा की और मिठाइयां बांटीं। दुकान गुब्बारों और तिरंगे से सजाया और स्थानीय पुलिस के जवानों पर पुष्प वर्षा कर मिठाइयां बांटीं। सभी के मस्तक और चेहरों पर लगे तिरंगा निशान से देशप्रेम उल्लसित हो रहा था। अजय शर्मा, रेनू शर्मा, पं. प्रभाष चंद्र झा, गोपाल दास सराफ, कन्हैया दुबे केडी, विपिन शर्मा आदि थे।

गंगा आरती के मंच पर सेना पूजन, गूंजे मां भारती के जयकारे

गंगोत्री सेवा समिति की ओर से दशाश्वमेध और केदार घाट पर गंगा आरती के दौरान भारतीय सेना के लिए विशेष पूजन और मंत्रोच्चार के साथ भावनात्मक आरती अर्पित की गई। घाट की सीढ़ियां भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद की सेना जैसे नारों से गूंज उठीं। दीपों की रोशनी के बीच श्रद्धा, संकल्प और सम्मान का अद्भुत संगम हुआ। मां गंगा के समक्ष सेना के जवानों की वीरता को प्रणाम किया गया।

पं. किशोरी रमण दुबे बाबू महाराज, दिनेश शंकर दुबे, संदीप दुबे सोनू, मयंक आदि थे। नमामि गंगे ने संयोजक राजेश शुक्ला के नेतृत्व में महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ के वेदपाठी बटुकों के साथ सिंधिया घाट पर भारत माता और मां गंगा की आरती उतारी।

हनुमानजी चालीसा का पाठ, प्रभु को सिंदूर अर्पण

श्रीहनुमान सेना के सदस्यों ने बजरंग बली से मंगल कामना करते हुए असि घाट पर सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया। अध्यक्ष सुधीर सिंह के नेतृत्व में मां गंगा की प्रतिमा के हाथों में राष्ट्रध्वज समर्पित किया। ट्रस्ट श्रीजगन्नाथ मंदिर की महिला सदस्यों ने ज्ञानती त्रिपाठी के संयोजन में नगवा स्थित बड़े हनुमान मंदिर में हनुमानजी को सिंदूर अर्पित किया। उसे हनुमानजी को लेपन कर भारतीय सैनिकाें को और बल प्रदान करने की प्रार्थना की गई। ट्रस्टी शैलेश तिवारी ने आभार जताया।

 

गांव से शहर तक सैनिकों ने निकाली शौर्य यात्रा

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई के छात्रों ने पाकिस्तान व आतंकवाद के खिलाफ नारेबाजी करते चल रहे थे। इससे पहले आचार्य नरेंद्रदेव छात्रावास के छात्रों ने मंगलवार देर रात जश्न मनाया था। आशुतोष तिवारी, छात्रसंघ पूर्व अध्यक्ष आशुतोष सिंह, शिवम तिवारी, अभिलाष, अभिषेक राय, दिव्यांशु राय आदि थे। उधर, गंगापुर इंटर कालेज के छात्रों ने जय हिंद, आपरेशन सिंदूर, प्राउड आफ इंडियन आर्मी, भारत माता की जय, वंदे मातरम लिखी तख्तियां लिए जुलूस निकाला।

Similar News