श्रीराम विवाह महोत्सव में निकली अलौकिक शोभायात्रा- नगर हुआ श्रीराम-जानकी के दिव्य वैवाहिक उल्लास में सराबोर
आनन्द गुप्ता
बहराइच। श्री मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान रामलीला कमेटी (रजि०) बहराइच द्वारा आयोजित श्रीराम विवाह महोत्सव ने आज शहर को आध्यात्मिक उत्सव में बदल दिया। प्रभु श्रीराम की भव्य बारात का अद्भुत आयोजन रामकुमार मदन लाल जी के आवास, फायर ब्रिगेड के सामने से शुरू होकर पंचायती मंदिर छावनी तक अत्यंत गरिमामय तरीके से पूरा हुआ। पूरे मार्ग पर श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक आभा का ऐसा संगम देखने को मिला जिसने हर भक्त का हृदय भावविभोर कर दिया।
शोभायात्रा में आकर्षक झांकियों, पुष्पवर्षा, मनमोहक संगीत और जय-जयकार से वातावरण गूंज उठा। बड़ी संख्या में रामभक्त सपरिवार शामिल होकर प्रभु श्रीराम–माता जानकी के पावन विवाहोत्सव के साक्षी बने। भक्तों की उमड़ी भीड़ और उनकी भावपूर्ण सहभागिता ने इस दिव्य आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया।
आयोजन की सफलता में समिति के श्याम करण टेकरीवाल (अध्यक्ष), राहुल राय (महामंत्री) एवं जयजय अग्रवाल (प्रबंधक), राधेश्याम त्रिपाठी , कमल शेखर गुप्ता , विनय जैन ,सुरेश गुप्ता, पुष्प नाथ तिवारी , सीताराम गुप्ता ,जितेंद्र सिंह जीतू, वाशु साहू की सक्रिय उपस्थिति और सुदृढ़ व्यवस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
श्रीराम विवाह महोत्सव की इस शोभायात्रा ने पूरे नगर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं की गरिमा को पुनः अभिव्यक्त किया।