दिव्यांगजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लखनऊ में मोबाइल कोर्ट का आयोजन

Update: 2025-11-21 14:32 GMT

लखनऊ, 21 नवम्बर 2025

दिव्यांगजनों की समस्याओं को जल्दी और आसान तरीके से हल करने के लिए आज लखनऊ विश्वविद्यालय स्थित दिव्य कला मेला परिसर में एक मोबाइल कोर्ट लगाया गया। यह मोबाइल कोर्ट भारत सरकार के आयुक्त, दिव्यांगजन और उत्तर प्रदेश के राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया गया।

मोबाइल कोर्ट में आए 259 दिव्यांगजनों की समस्याओं को मौके पर ही सुना गया और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

दिव्यांगजनों से जुड़ी ज़रूरी सेवाओं जैसे—मेडिकल बोर्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, दिव्यांग पेंशन, रेल कंसेशन प्रमाण-पत्र आदि के स्टॉल भी लगाए गए थे। यहाँ दिव्यांगजनों की कई समस्याओं का तुरंत समाधान किया गया।

यूडीआईडी प्रमाण-पत्र से जुड़ी 29 पृच्छाओं में से 16 प्रमाण-पत्र वहीं पर बनाए गए।

आयुष्मान कार्ड की 63 पृच्छाओं में से 9 का तुरंत निस्तारण हुआ।

राशन कार्ड से जुड़ी 40 पृच्छाओं में से 21 समस्याएँ वहीं हल कर दी गईं।

रेल कंसेशन कार्ड के 2 व्यक्तियों को मौके पर ही कार्ड दिए गए।

दिव्यांग पेंशन की 12 पृच्छाओं में से 9 का समाधान कर दिया गया।

साथ ही 11 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।

इस कार्यक्रम में मुख्य आयुक्त एस. गोविन्द राज, मुख्य उपायुक्त प्रवीण प्रकाश अम्बर, राज्य आयुक्त हिमांशु शेखर झा, उपायुक्त शैलेन्द्र सोनकर, अमित कुमार राय, सहायक आयुक्त शशांक सिंह और विभिन्न विभागों—जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, परिवहन, समाज कल्याण, महिला कल्याण, शिक्षा, लोक निर्माण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान में सहयोग दिया।

Similar News