पांच हत्याओं से रोहतक को दहलाने वाला सुखविंदर गिरफ्तार

Update: 2021-02-13 13:30 GMT

हरियाणा के रोहतक में पांच लोगों की जान लेने वाले सुखविंदर सिंह को शनिवार को दिल्ली और हरियाणा पुलिस की संयुक्त टीम ने मिलकर गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि आज ही हरियाणा पुलिस ने सुखविंदर सिंह को मोस्ट वांटेड घोषित किया था। डीजीपी हरियाणा मनोज यादव ने आरोपी सुखविंदर की जानकारी देने वाले को एक लाख का इनाम देने की घोषणा की थी। 


ये है पूरा मामला

रोहतक के जाट कॉलेज में शुक्रवार रात कुश्ती कोच ने अंधाधुंध फायरिंग कर तीन कोच और एक महिला पहलवान समेत पांच लोगों को मौत के घाट उतार दिया था। गोली लगने से तीन साल का बच्चा और एक अन्य कोच गंभीर रूप से घायल हो गए थे।  

पुलिस प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी कोच सुखविंदर का चाल चलन सही नहीं था। जिसके चलते उसके पिता मेहर सिंह ने उसे बेदखल किया था। पत्नी ने भी साथ छोड़ दिया था। आरोपी पहले मेहर सिंह अखाड़े में कोच था। जहां से उसे उसके चाल चलन को देखते हुए निकाल दिया था। इसके बाद वह जाट कॉलेज अखाड़े में कोचिंग देने लगा। यहां भी उसका चाल चलन ठीक नहीं था। जिसके बाद उसे यहां से भी हटाने की बात कह दी थी।  

पुलिस ने अपनी जांच में पाया था कि जाट कॉलेज अखाड़े में आने वाली महिला खिलाड़ी पूजा के परिजनों ने कोच मनोज से सुखविंदर की शिकायत की थी। मृतक कोच मनोज के भाई प्रमोज के अनुसार पांच दिन पहले पूजा ने अपने परिवार से सुखविंदर की शिकायत की थी। शिकायत में बताया था कि सुखविंदर उसे परेशान कर रहा है और उस पर शादी का दबाव बना रहा है। इसी रंजिश में आरोपी ने पांच लोगों की हत्या कर दी।

 

Similar News