बेल के बाद बदला अंदाज? राज कुंद्रा शिल्पा संग दिखे, लग्जरी कार बनी चर्चा का केंद्र

Update: 2026-02-21 14:53 GMT


रिपोर्ट : विजय तिवारी

मुंबई : बिटकॉइन से जुड़े कथित धनशोधन (PMLA) मामले में विशेष अदालत से जमानत मिलने के बाद कारोबारी राज कुंद्रा शुक्रवार रात अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के साथ सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए। एक कार्यक्रम के बाद शिल्पा को लेने वे लाल रंग की लग्जरी कार में पहुंचे। इस दौरान के वीडियो और तस्वीरें सामने आने पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दायर सप्लीमेंट्री चार्जशीट का संज्ञान लेने के बाद मुंबई की विशेष PMLA अदालत ने कुंद्रा को जमानत दी। मामले में दुबई स्थित कारोबारी राजेश सतीजा का नाम भी शामिल है और दोनों को पूर्व में अदालत में पेश होने के निर्देश दिए गए थे।

जमानत मिलने के बाद कुंद्रा ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर भरोसा है और वे कानूनी प्रक्रिया का पालन करेंगे।

जांच एजेंसी के अनुसार, ‘गेन बिटकॉइन’ नामक कथित पोंजी घोटाले के मुख्य आरोपी अमित भारद्वाज से यूक्रेन में बिटकॉइन माइनिंग फर्म स्थापित करने के प्रस्ताव के तहत 285 बिटकॉइन प्राप्त होने का आरोप है। एजेंसी का दावा है कि प्रस्तावित परियोजना पूरी नहीं हुई, लेकिन उक्त बिटकॉइन अब भी कुंद्रा के पास हैं। मौजूदा अनुमानित बाजार मूल्य के आधार पर इनकी कीमत 150 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

चार्जशीट में यह भी कहा गया कि कुंद्रा ने खुद को लेनदेन में मध्यस्थ बताया, जबकि एजेंसी का मत है कि उपलब्ध दस्तावेज इस दावे का पर्याप्त समर्थन नहीं करते।

जमानत के बाद सार्वजनिक रूप से लग्जरी कार में दिखने के वीडियो पर कई उपयोगकर्ताओं ने सवाल उठाए। कुछ ने कथित निवेश और धन की वापसी को लेकर टिप्पणियां कीं, तो कुछ ने पुराने मामलों के संदर्भ में भी प्रतिक्रिया दी। हालांकि, मामले की सुनवाई न्यायालय में विचाराधीन है।

मामला अभी न्यायिक प्रक्रिया में है। अदालत द्वारा दी गई जमानत का अर्थ आरोपों से मुक्ति नहीं होता; आरोपों की सत्यता पर अंतिम निर्णय अदालत करेगी।

Similar News