सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो देवरिया कांड की सीबीआई जांच: रामगोविंद चौधरी
देवरिया बालिका आश्रय गृह मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और रामगोविंद चौधरी ने कहा है कि इस मामले की सीबीआई जांच सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ जज की निगरानी में कराए जाने की जरूरत है। इतना ही नहीं उन्होंने यूपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अपना पाप छिपाने के लिए सीएम पूर्ववर्ती सरकारों पर आरोप मढ़ रहे हैं।
रामगोविंद चौधरी ने एक मीडिया एजेंसी से बातचीत में कहा कि देवरिया कांड के मामले में योगी सरकार अपना पाप दूसरों के सिर मढ़ना चाह रही है। हालांकि, इस मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए हाई कोर्ट ने तल्ख टिप्पणी की है और सीबीआई जांच की निगरानी भी खुद ही करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ जज से कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
रामगोविंद से यह पूछे जाने पर कि योगी सरकार देवरिया कांड के लिए पिछली सरकारों को जिम्मेदार ठहरा रही है, तो उन्होंने कहा, "पिछली सरकारों के दौरान यदि ऐसा हुआ तो यह मामला उजागर क्यों नहीं हुआ। योगी सरकार के समय यह कारनामा उजागर हुआ है। अब सरकार इसकी जांच में जानबूझकर विपक्षी दलों को घसीटने का काम कर रही है। देवरिया कांड तो महज एक बानगी है। पूरे उप्र में महिलाओं के भीतर भय व्याप्त है। कई अन्य जिलों में भी आश्रय गृहों से बालिकाओं के गायब होने की खबरें आ रही हैं। प्रतापगढ़ हो या हरदोई, हर जगह से बालिकाएं गायब हो रही हैं।"
रामगोविंद ने आगे कहा कि आखिर गायब हो रही लड़कियों का पता क्यों नहीं लग पा रहा है। इन्हें कहां ले जाया जा रहा है। प्रतापगढ़ में भी कई बालिकाएं गायब हुई हैं। यहां तो आश्रय गृह की संचालिका पूर्व में भाजपा की जिलाध्यक्ष और पार्षद रह चुकी है। आखिर वो कौन लोग हैं जो लड़कियों को गायब करने का काम रहे हैं।
देवरिया कांड को लेकर पार्टी की आगे की क्या रणनीति है, इस पर उन्होंने कहा कि देवरिया कांड को पार्टी ने संसद भी उठाया है। सांसद डिंपल यादव भी इस मामले को जोर-शोर से उठा चुकी हैं। विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान पहले दिन ही इस मामले को जोरदार ढंग से उठाया जाएगा। सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नही सकती है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने देवरिया कांड की जांच सीबीआई को सौंप दी है। इस बीच इलाहाबाद हाई कोर्ट ने एक जनहित याचिका पर संज्ञान लेते हुए सीबीआई जांच की निगरानी खुद ही करने की बात कही है।