पेट से पिस्टल लगा खाली की मैगजीन, सपा नेता की मौत

Update: 2018-07-29 10:21 GMT

मेरठ। देहली गेट थानाक्षेत्र के खैरनगर मोहल्ले में एक सपा नेता ने अपने ही लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को कई गोली मार लीं। उसकी एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सपा नेता तब तक गोली चलाते रहे, जब तक मैगजीन खाली नहीं हो गई।

खैरनगर निवासी हाजी शहजाद का 30 साल का बेटा सुहैब दूध का भी कारोबार करता था। उनकी खैरनगर में डेयरी है। शनिवार को सभी लोग घर पर मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि देर रात करीब 11 बजे सुहैब के घर से गोली चलने की आवाज आई। लोग उसके घर पहुंचे तो देखा कि सुहैब खून से लथपथ फर्श पर पड़ा था। आसपास के लोगों ने उसे जसवंत राय अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुहैब इकलौता बेटा था। सूचना पर देहली गेट एसओ विजय गुप्ता भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि सुहैब की पत्नी काफी समय से बच्चों के साथ मायके मथुरा में रह रही है। इसी बात को लेकर सुहैब का पिता से झगड़ा हुआ। इसके बाद उसने यह कदम उठाया।

विधानसभा चुनाव की कर रहा था तैयारी

मोहल्ले के लोगों का कहना है कि सुहैब सभी के सुख-दुख में मदद करता था। वह अगला विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। उसने मोहल्ले में कई बैनर भी लगाए हुए थे।

देहाती फिल्मों में भी लगाता था पैसा

मोहल्ले के लोगों ने बताया कि सुहैब दूध के कारोबार के साथ-साथ देहाती फिल्मों में भी पैसा लगाता था। वह कई देहाती फिल्मों में काम कर चुका है।

Similar News