भाजपा राज में अल्पसंख्यक दहशत में : अखिलेश यादव

Update: 2018-07-24 02:03 GMT

लखनऊ- समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में अल्पसंख्यक दहशत में हैं। सरकार की नीतियों से नौजवान कुंठित हो रहे हैं और महिलाएं व बच्चियां तक असुरक्षित हैं।

सोमवार को पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का लोकतंत्र में विश्वास है क्योंकि जनता की असली ताकत लोकतंत्र ही है। भाजपा राज में लोकतंत्र को जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है। राज्यपाल के बार-बार कहने के बावजूद कि कानून व्यवस्था में सुधार की जरूरत है, राज्य सरकार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। भाजपा मनमानी कर रही है।

जनता को तबाह किया जा रहा है। भाजपा ने इतना झूठ बोला है कि अब उनका कोई विश्वास नहीं करता। लोगों का भाजपा सरकारों से मोहभंग हो गया है। जनता को धोखा देने में वे माहिर हैं। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों को धोखे में रखा जा रहा है। इस मौके पर राजेंद्र चौधरी, नरेश उत्तम पटेल, कमाल अख्तर एसआरएस यादव, अरविंद कुमार सिंह तथा डॉ. राजपाल कश्यप मौजूद थे। 

Similar News