इलाहाबाद : समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इलाहाबाद में तो पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी अभी से चुनाव की चर्चा में मशगूल हो गए हैं। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची को दुरुस्त कराने का प्रशिक्षण दिया गया। बताया गया कि मतदाता सूची में नाम बढ़ाने, त्रुटिपूर्ण मतदाता सूची को ठीक कराने के लिए कार्यकर्ता जुट जाएं।
इस मौके पर फूलपुर से सपा सासद नागेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि पिछले चुनाव में मतदाता सूची में गड़बड़ी की बहुत सी शिकायतें मिली थीं। इसके कारण मतदाताओं को वोट देने जैसे महत्वपूर्ण भूमिका से वंचित रह जाना पड़ा था। चुनाव आयोग ने इस बार आपको मौका दिया है। मतदेय स्थल बढ़ाने के लिए कार्य हो चुका है। अब नाम बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू है। इस कार्य में जिला स्तर के पदाधिकारियों से लेकर बूथ स्तर तक संगठन के लोग सक्त्रिय रूप से जुट जाएं। सांसद नागेंद्र पटेल ने कहा कि जनता भाजपा की केंद्र एवं प्रदेश की सरकार से ऊब चुकी है। जनता में गिरती साख से बौखलाए भाजपाई अब लोगों को बरगलाने में लगें है। कहीं-कहीं झगड़ा फसाद कराने एवं गोलबंदी, गुटबाजी कराने की कोशिश कर रहे हैं। इनसे सतर्क रहने की जरूरत है। जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह ने कहा कि मतदाता सूची दुरुस्त कराने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। अपने मतदाताओं का नाम सूची में अवश्य दर्ज कराएं। यही नहीं जो मतदाता शिफ्ट कर गए हैं अथवा स्वर्गवासी हो गए हैं उनका नाम कटवाने का भी काम करें।
इस प्रशिक्षण कार्यशाला में पूर्व मंत्री हीरामणि पटेल, पूर्व विधायक जोखूलाल यादव, सत्यवीर मुन्ना, दान बहादुर सिंह मधुर, वकार अहमद, राम दुलार यादव, इन्द्रनाथ मिश्रा, महाबलि यादव, आशुतोष तिवारी, अनुज यादव, नाटे चौधरी, आदि नेतागण मौजूद थे।