श्रावस्तीः सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा हटाओ देश बचाओ की तर्ज़ पर हम लोग काम कर रहे हैं। भाजपा ने किसानों के साथ धोखा किया है। जब चुनाव सर पर है तो दिखावे के लिए नाम मात्र का फसल दाम बढ़ाया है। उन्होंने सवाल किया कि चार साल बाद क्यों बढ़ाया गया एमएसपी। लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल श्रावस्ती पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस सरकार से अपराध रुक नहीं रहे हैं। यूपी कोका कानून के तहत कोई भी व्यक्ति सरकार के खिलाफ न बोल सकता है और न ही लिख सकता है। उन्होंने कहा कि हम लोग इस कानून का लगातार विरोध कर रहे हैं। सरकार रोजगार नहीं दे पा रही है उल्टा भाजपा आरक्षण को खत्म करने की साजिश कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने योगी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्री कार्यकर्ताओं को नौकरी देने के लिये चिट्ठी लिख रहे हैं। बेसिक शिक्षा के तहत पढ़ने वालों बच्चों को सरकार ड्रेस व जूते नहीं दे सकी है। उन्होंने बताया कि हम लोग बैलेट पेपर से चुनाव करने की मांग कर रहे हैं, जिसके लिए नियमों के अनुसार संघर्ष भी किया जाएगा। 2019 में भाजपा को जनता साफ कर देगी। जिसका उदाहरण सूबे में हुए उपचुनाव के भाजपा की हार से देखा जा सकता है। 2014 में जो गैस 400 का मिलता था आज वह 800 तक पहुंच गया है, चारो तरफ मंहगाई की भरमार है।