सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष शिव महेश दुबे पर बकेवर में सहकारी संघ की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष पर सहकारी संघ अध्यक्ष को धमकाकर इस्तीफा दिलवाने का भी आरोप मढ़ा है। प्रशासन को चेतावनी दी है कि कार्रवाई करें नहीं तो सपाई सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
सपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि सहकारी संघ को यह जमीन 50 साल पहले भरथना के मुकुटपुर गांव के राम प्रसाद ने दान में दी थी। ऐसी जमीन का बैनामा नहीं कराया जा सकता है।
सपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि भाजपा जिलाध्यक्ष ने सहकारी संघ के अध्यक्ष सतीश पांडेय पर दबाव बनाया। इस संबंध में 19 जून को सतीश पांडेय ने शिव महेश दुबे के खिलाफ तहसीलदार के पास शिकायती पत्र भी दिया है।
22 जून को सतीश पांडेय ने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए सहकारी संघ के पद से इस्तीफा दे दिया। 22 जून को ही सहकारी संघ के सचिव रामनरेश ने बकेवर थाने में तहरीर दी कि कुछ लोगों ने संघ की टिन शेड तोड़कर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया है।
सपा जिलाध्यक्ष का कहना है कि भाजपा जिलाध्यक्ष के दबाव के चलते पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी है कि जमीन को कब्जा मुक्त कराएं नहीं तो सड़क पर आंदोलन किया जाएगा।
सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव का कहना है कि एक माह के भीतर भाजपा के जिलाध्यक्ष और पूर्व जिलाध्यक्ष का नाम जमीन कब्जा करने के मामले में सामने आया है।
20 दिन पहले एक महिला ने पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष और वर्तमान सांसद प्रतिनिधि गोपाल शर्मा के खिलाफ जमीन कब्जा करने की शिकायत जिला प्रशासन से की थी। महिला ने खून से भी पत्र लिखकर सीएम तक गुहार लगाई थी।