समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा के पास जनता के लिए कोई सार्थक मुद्दा नहीं है सिवाय इसके कि समाजवादी पार्टी के विरुद्ध षडयंत्र में भाजपा व्यस्त रहती है। इससे सावधान रहने की जरूरत है। .
अखिलेश यादव ने सोमवार को जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा जातिवादी राजनीति करती है। भाजपा नफरत फैलाकर समाज को बांटने में लगी है।.
उन्होंने कहा कि चालबाजी से देश आगे नहीं जा सकता है।.
श्री यादव ने कहा कि उन्होंने कहा कि कैराना-नूरपुर और गोरखपुर-फूलपुर में भाजपा की पराजय और विपक्ष की जीत से स्पष्ट है कि जनता भाजपा से नाराज हैं। वैसे भाजपा लोगों का ध्यान उनकी समस्याओं से हटाने में चतुर है परन्तु जनता भी अपना हित पहचानती है। भाजपा को जवाब देने की ताकत जनता के पास है। .
भाजपा सद्भाव की दुश्मन है जबकि समाजवादी पार्टी सामाजिक सौहार्द की पक्षधर है। उन्होंने कहा कि 2019 की लड़ाई की अभी से तैयारी करनी होगी। यह देश के भविष्य का चुनाव है। चीन- जापान कहां से कहां पहुंच गए। .
विकास की दौड़ में भारत अगर पीछे छूट गया तो उसके कारणों का विश्लेषण होना चाहिए। यह देखना चाहिए कि कौन सी ताकतों ने देश की तरक्की में रोड़ा अटकाया है। .
अखिलेश यादव ने सोमवार को यहां पत्रकारों से कहा कि भाजपा अपने नेताओं को कोरी बयानबाजी करने से रोके। अब भाजपा को हार का सामना करना सीख लेना चाहिये, वरना उसे वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव का नतीजा हजम नहीं होगा। .