2019 में क्षेत्रीय दल रोकेंगे भाजपा का रास्ता, चुनाव बाद तय करेंगे नेता: अखिलेश यादव

Update: 2018-04-29 00:22 GMT
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि गाय की सुरक्षा और संरक्षण को मुद्दा बनाकर सत्ता में आई भाजपा अब उसी से पीछा छुड़ा रही है। गाय और बछड़ों को स्कूलों में बंद किया जा रहा है। अखिलेश शनिवार को यहां प्रोग्रेसिव काउंसिल की ओर से आयोजित 'फ्यूचर ऑफ डेमोक्रेसी' में बोल रहे थे।
सपा अध्यक्ष ने कहा, मुख्यमंत्री अगर सदन में कहते हैं कि उन्हें हिंदू होने पर गर्व है, वह ईद नहीं मनाते, तो हमें भी पिछड़ा हिंदू होने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दल भाजपा को केंद्र में सत्ता में आने से रोक देंगे। दिल्ली की सत्ता का रास्ता यूपी से होकर जाता है। पिछले चुनाव में भाजपा यूपी से इतनी सीटें न जीतती तो तस्वीर दूसरी होती। चुनाव में गठबंधन जैसा भी हो लेकिन कांग्रेस से संबंध अच्छे बने रहेंगे। चुनाव बाद सभी पार्टियां मिलकर नेता का चयन कर लेंगी।
दो उपचुनाव नतीजों में ही ये हाल
अखिलेश ने कहा कि जनता भाजपा से चुनावी वादों का पूरा हिसाब चाहती है। यूपी के दो उपचुनाव के नतीजों से ही भाजपा नेता हड़बड़ा गए। मुख्यमंत्री ने हमें सांप-छछूंदर कहा तो उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष कुत्ता-बिल्ली तक पहुंच गए।
हमने गोमती साफ करके दिखाई
अखिलेश ने कहा, प्रधानमंत्री कहते हैं कि मलिहाबाद में दशहरी आम बहुत पैदा होता है। उसे बाजार मिले तो किसानों का भाग्य बदल जाए, पर जब हमारी सरकार एक्सप्रेस-वे के किनारे आम की मंडी बनाना चाहती थी तो काम रोक दिया। गंगा नदी की सफाई कितनी हुई यह तो वही लोग जानें लेकिन हमने गोमती साफ करके दिखाई। अगर शहर के सभी नालों को नदी में गिरने से रोक दिया जाए तो नदियां साफ हो जाएंगी।

Similar News