जनता ने फूल उगाया, भाजपा जलकुंभी - अखिलेश यादव

Update: 2018-04-24 02:00 GMT
लखनऊ - गोमती नदी में बढ़ रही गंदगी को लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों ने नदियों की पवित्रता और निर्मलता समाप्त करने की दिशा में कोई काम नहीं किया। जनता ने बहुमत देकर कमल का फूल खिलाया, लेकिन भाजपा सरकार जलकुंभी उगा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा है कि गंगा, यमुना, गोमती, हिंडन, वरुणा, कुंआरी नदी सभी का जल बुरी तरह प्रदूषित है। इनकी सफाई के नाम पर करोड़ो रुपयों का सिर्फ बंदरबांट हुआ है। कहा कि मां गंगा के बुलावे पर गुजरात से काशी आए प्रधानमंत्री का कार्यकाल समाप्ति पर है पर गंगा पहले जैसी मैली हैं। दिल्ली में यमुना का पानी काला हो गया है। हिंडन नदी भी प्रदूषण से नहीं बची है। भाजपा राज में नदियों की ऐसी दुर्दशा हुई है कि अब इनका जल आचमन करने लायक भी नहीं बचा है। ऑक्सीजन की लगातार घटती मात्रा से जलजीव भी नष्ट होते जा रहे हैं।
अखिलेश ने कहा कि राजधानी लखनऊ में आदि गंगा गोमती नदी पर भाजपा सरकार ने दाग लगाने का पाप किया है। गोमती नदी की सफाई के साथ रिवर फ्रंट के सुंदरीकरण का काम हुआ था। भाजपा सरकार की ऐसी बुरी नजर पड़ी कि जनता के आकर्षण का केंद्र बने रिवर फ्रंट की हरियाली खत्म हो गई है। बेशकीमती इम्पोर्टेड फाउंटेन कबाड़ होने को हैं। गोमती के काफी बड़े हिस्से पर जलकुंभी फैल चुकी है। छोटे-बड़े दर्जन भर से ज्यादा नाले रोजाना गोमती नदी को मैला कर रहे हैं। इन नालों की गंदगी गोमती में न गिरे इसके लिए जो व्यवस्था होनी चाहिए, भाजपा सरकार को उनकी उनकी फिक्र नहीं। 

Similar News