लालू को झटका: तेजस्वी से नाराज RJD महासचिव अशोक सिन्हा ने दिया इस्तीफा
चारा घोटाला मामले में लालू प्रसाद यादव के जेल जाने के बाद नेतृत्व के संकट से जूझ रही आरजेडी को पहला तगड़ा झटका लगा है। अशोक सिन्हा ने आरजेडी के महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया है। अशोक सिन्हा लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव से नाराज थे।
अशोक सिन्हा ने कहा, 'मौजूदा समय में आरजेडी अप्रासंगिक हो गई है इसलिए बेहतर है कि समय बर्बाद करने की जगह पार्टी छोड़ दी जाए। तेजस्वी यादव लालू जी की तरह पार्टी का नेतृत्व नहीं कर सकते।'
गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाला मामले में सजा होने के बाद उनकी गैरमौजूदगी में आरजेडी की कमान उनके बेटे और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव संभाल रहे हैं।
तेजस्वी अगले महीने 9 फरवरी को न्याय यात्रा पर निकल रहे हैं। यह यात्रा उनके लिए पहली परीक्षा होगी। इसके अलावा फरवरी में ही अररिया लोकसभा सीट सहित दो विधानसभा सीटों जहानाबाद और भभुआ में उपचुनाव भी होने हैं।