पद्मावत दिखा रहे हॉल पर पेट्रोल बम से हमला, 400 लोग देख रहे थे शो

Update: 2018-01-29 00:59 GMT
मुजफ्फरपुर : फिल्म 'पद्मावत' दिखाए जाने पर शहर के श्याम सिनेमा हॉल में रविवार को इवनिंग शो के दौरान बदमाशों ने दो पेट्रोल बम फेंके। बम हॉल के ठीक सामने के मोतीझील ओवरब्रिज से फेंके गए। बम नहीं फटने से कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन मौके पर अफरा-तफरी मची गई। घटना के दौरान हॉल के अंदर लगभग चार सौ दर्शक मौजूद थे। सूचना पर नगर डीएसपी, नगर थानेदार समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालांकि तबतक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। इधर, एक संगठन ने इस घटना की जिम्मेदारी ली है।
जानकारी के अनुसार, फिल्म 'पद्मावत' रिलीज होने के तीन दिनों के बाद रविवार को नगर थाना के समीप श्याम सिनेमा हॉल में लगाई गई थी। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम करने का दावा किया था। आठ अधिकारियों के साथ ही 50 जवानों की ड्यूटी भी लगाई गई थी। एसआईटी की टीम भी तैनात थी। पुलिस की निगेहबानी में दो शो खत्म भी हो चुके थे।
तीसरा शो करीब 6.30 बजे शुरू हुआ था। इस बीच रात करीब 8.35 बजे बदमाशों ने दो पेट्रोल बम फेंके। एक बम सिनेमाघर के मेनगेट से करीब 25 फीट की दूरी पर गिरा। वहीं, दूसरा बम परिसर में लगे ऊलेन मेला के प्रवेश द्वार से 30-35 फीट की दूरी पर गिरा। इससे उसमें आग लग गई। स्थानीय लोगों व पुलिस जवानों ने पानी से आग बुझाई। हॉल परिसर में पेट्र्रोल और बम में प्रयोग किए गए शीशे बिखरे पड़े थे। घटना के बाद सिनेमाघर परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। 

Similar News