प्रचार लाइव- मुझे भी सेवा का अवसर दीजिए

Update: 2017-11-22 15:29 GMT
 मुख्यमार्ग पर सपा कार्यकताओं का हुजूम उमड़ा हुआ है। इस वार्ड से सपा के पार्षद प्रत्याशी अजय प्रकाश राजू अपने समर्थकों के साथ खड़े हैं। सभी सपा की मेयर प्रत्याशी साधना गुप्ता के आगमन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। जैसे मेयर प्रत्याशी का वाहन आता दिखा, फिजां में चुनावी नारे गूंजने लगे।
अखिलेश यादव जिंदाबाद...समाजवादी पार्टी जिंदाबाद...के नारों के बीच चार पहिया वाहन से उतर रही साधना गुप्ता को माला पहनाने के लिए महिला कार्यकर्ता आगे बढ़ गई हैं।
साधना गुप्ता दोनों हाथ जोड़ कर कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए वार्ड की गलियों की ओर बढ़ रही हैं। उनके आगे-पीछे कार्यकर्ताओं की भीड़ है। सपा का झंडा लहराते, साधना गुप्ता और अजय प्रकाश जिंदाबाद... का नारा लगाते कार्यकर्ता उत्साहपूर्वक उनके साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं। चुनावी नारों की गूंज सुनते ही गलियों में रहने वाले लोगों का कौतूहल भी बढ़ गया है। वे अपने घर की खिड़कियों, बरामदों और छतों से झांकने लगे हैं।
साधना गुप्ता एक घर के सामने रुक गई हैं। दरवाजे पर खड़ी बुजुर्ग महिला के पांव छूकर वह विजयश्री का आशीर्वाद मांग रही हैं। वह कह रही हैं कि मुझे भी सेवा का एक अवसर दीजिए। नई बस्ती मोहल्ले की गलियों में घर-घर जाकर अपने पक्ष में मतदान करने के आग्रह का क्रम करीब एक घंटे तक चला।

Similar News