समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने कहा है कि इस बार प्रदेश में नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत अध्यक्ष पदों पर पार्टी को पिछली बार से अधिक सीटें मिलेंगी। प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विनाशवादी नीतियों से ऊब चुकी है। जनता में अखिलेश यादव की विकासवादी छवि की चर्चा है। आम जनमानस का झुकाव सपा की ओर है।
बनारस में निकाय चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने पहुंचे सपा अध्यक्ष ने शनिवार को नदेसर स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यहां 22 साल से भाजपा के मेयर, लंबे समय से भाजपा के अधिकतर विधायक होते आये हैं। बावजूद विकास नहीं हुआ है। पीएम का संसदीय क्षेत्र होने के बाद भी स्थितियां नहीं सुधरीं। सड़कें इसकी बानगी हैं। कहा कि सपा की ओर जनता के झुकाव के चलते निकाय चुनाव नहीं कराया जा रहा था। हाईकोर्ट की फटकार पर निकाय चुनाव कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा में हार का डर समाया हुआ है। इसी कारण गोरखपुर और फूलपुर संसदीय सीट के लिए चुनाव नहीं कराये जा रहे हैं।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के स्थानीय नेता ही हमारे स्टार प्रचारक हैं। इस मौके पर मेयर प्रत्याशी साधना गुप्ता, जिलाध्यक्ष डॉ. पीयूष यादव, नगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, मनोज राय धूपचंडी, संजय गुप्ता समेत पार्टी के नेता मौजूद रहे।
शिवपाल के सक्रिय न होने के सवाल को टाला
विधानसभा चुनाव के बाद निकाय चुनाव में भी शिवपाल यादव के सक्रिय न होने के सवाल को प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने टाल दिया। कहा कि यह सवाल खुद शिवपाल यादव से पूछना चाहिये।
अपराजिता का मन अभी भी सपा के साथ
जिला पंचायत अध्यक्ष अपराजिता सोनकर के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर कहा कि उनको डराया गया। भाजपा के लोग पूरे प्रदेश में सपा के पंचायत प्रमुखों को डरा धमकाकर अपने पाले में किया जा रहा है। साथ ही कहा कि अपराजिता का मन अभी भी सपा के साथ है।