नगर पालिका परिषद चुनाव के दौरान शुक्रवार रात भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के समर्थक भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। चुनाव कायार्लयों पर हमले किए गए। तोड़फोड़ की गई। बवाल की जानकारी पर सांसद चौधरी बाबूलाल और अन्य भाजपा नेता शमसाबाद पहुंच गए। वे हमला करने वालों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपा कार्यालय के बाहर डटे रहे। भाजपा प्रत्याशी की ओर से देर रात तहरीर दी गई है। तनाव के मद्देनजर क्षेत्र में पुलिस फोर्स तैनात है।
घटना रात करीब नौ बजे की है। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए सपा प्रत्याशी लक्ष्मी देवी और भाजपा प्रत्याशी अवनीश गुप्ता के समर्थकों के बीच पथराव हो गया। सपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री शिवकुमार राठौर की पत्नी हैं। पथराव से अफरातफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। दुकानों के शटर गिर गए। इस बीच गोली चलने की आवाज भी लोगों ने सुनी। चुनाव कार्यालयों पर भी तोड़फोड़ की गई। सूचना पर पुलिस फोर्स पहुंची। तब तक पथराव करने वाले भाग चुके थे। पुलिस स्थिति को नियंत्रण करने में लग गई।
बवाल की सूचना पर सांसद चौधरी बाबूलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया और अन्य नेता शमसाबाद पहुंच गए। हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपाई चुनाव कायार्लय के बाहर जमा हो गए। देर रात भाजपा प्रत्याशी अवनीश गुप्ता ने तहरीर दी। सांसद ने पुलिस अधिकारियों से हमलावरों के विरुद्ध मुकदमा और जल्द गिरफ्तार करने को कहा।
कई दिनों से भड़क रही चिंगारी
नगर निकाय चुनाव को लेकर दोनों प्रत्याशी के समर्थकों के बीच में कई दिनों से चिंगारी भड़क रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि भाजपा और सपा प्रत्याशी के समर्थकों में कहासुनी हुई थी। उसी के बाद पथराव और फायरिंग हुई।
वर्जन
राजनीतिक दल के कार्यालयों पर तोड़फोड़ की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। एक पक्ष की तरफ से तहरीर दी जा रही है। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में पुलिस फोर्स तैनात है।
नित्यानंद राय, एसपी ग्रामीण (पूर्वी)
थाने से दो सौ मीटर की दूरी पर चुनाव कार्यालय है। रात करीब नौ बजे कार्यालय पर समर्थक बैठे थे। तभी कार और बाइक से कुछ युवक आए। उन्होंने पथराव कर दिया। कार्यालय में तोड़फोड़ की। तोड़फोड़ करने वाले सपा प्रत्याशी के पति के समर्थक हैं। घटना की जानकारी समर्थकों ने दी। तब वह पहुंचे।
अवनीश गुप्ता, भाजपा प्रत्याशी
कस्बे में जुलूस निकालने के बाद वह आगरा आ गए थे। भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों ने मेरे कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी। भाजपाई सत्ता के दम पर इस तरह घटनाएं कर रहे हैं। पूरे मामले से डीएम, एसएसपी को अवगत करा दिया गया है।
शिव कुमार राठौर (सपा नेता एवं सपा प्रत्याशी के पति)
शुरू हो गया अफवाह का दौर
शमसाबाद। भाजपा और सपा के चुनाव कायार्लयों में पथराव के बाद कस्बे में अफवाहों का दौर शुरू हो गया। किसी ने यह बात फैला दी कि मोहल्ला टोला में दोनों पक्षों के लोग भिड़ गए हैं। मौके पर पुलिस पहुंची। वहां सब कुछ सामान्य मिला।