खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में भड़की हिंसा, भीड़ ने यूएस दूतावास में लगाई आग, पुलिस कार्रवाई में 8 की मौत

ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत के बाद अलग-अलग देशों में अमेरिका के विरोध में प्रदर्शन शुरू हो गए हैं. इस बीच पाकिस्तान से बड़ी खबर सामने आ रही है. पाकिस्तान के शहर कराची में हिंसा भड़क गई है. खामेनेई मौत से गुस्साए लोगों ने पहले जमकर प्रदर्शन किया. इसके बाद अमेरिका दूतावास पर हमला कर दिया. भीड़ ने पहले दूतावास में जमकर तोड़फोड़ की और फिर आग लगा दी. सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची भीड़ पर बल प्रयोग कर उन्हें वहां से हटाने की कोशिश करने लगी.
बताया जा रहा है कि इस पर भीड़ भड़क और पत्थरबाजी शुरू कर दी. डेली पाकिस्तान मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 8 प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई और 30 से ज्यादा लोग जख्मी हो गए. हालांकि प्रशासन ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है. लोगों की भीड़ दूतावास के आसपास मौजूद है. कराची में अगले आदेश तक हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. प्रदर्शन की कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. जिसमें प्रदर्शनकारी खामेनेई की फोटो के साथ अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी करते दिख रहे हैं.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया. इस दौरान कई लोग घायल हुए. घायलों को एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल कराची पहुंचाया गया.
डेली पाकिस्तान मीडिया रिपोर्ट का दावा है कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में ही 8 प्रदर्शनकारी मारे गए हैं. सिंध के गृह मंत्री जियाउल हसन लांजर ने कराची के अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक आजाद खान से घटना की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है. प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है. वहीं, बताया जा रहा है कि कराची के बाद पाकिस्तान के दूसरे शहरों में भी प्रदर्शन शुरू हो गए हैं. लाहौर, पेशावर और रावलपिंडी में भी शिया समुदाय के लोग सड़कों पर निकल आए हैं. भीड़ को काबू करने के लिए भारी पुलिस बलों को सड़कों पर तैनात किया गया है. माना जा रहा है कि लोगों के गुस्से को देखते हुए इन शहरों में भी हिंसा भड़क सकती है.




