Janta Ki Awaz
दुनिया

डबलिन में भारतीय दूतावास द्वारा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को समर्पित भव्य सांस्कृतिक उत्सव

डबलिन में भारतीय दूतावास द्वारा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को समर्पित भव्य सांस्कृतिक उत्सव
X


रिपोर्ट : विजय तिवारी

डबलिन (आयरलैंड)।

भारत की अद्भुत सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और भौगोलिक विविधता में एकता के प्रतीक ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करते हुए, डबलिन स्थित भारतीय दूतावास ने पहली बार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को समर्पित एक विशिष्ट सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया। यह कार्यक्रम दूतावास की राज्य सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रृंखला की कड़ी के रूप में आयोजित किया गया, जिसमें भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को विदेश में प्रखर रूप से प्रस्तुत किया गया।

इस बहुआयामी कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, खान-पान, हस्तशिल्प और पर्यटन विरासत को दर्शाने वाली आकर्षक मल्टी-मीडिया प्रस्तुति के साथ पारंपरिक नृत्य, कश्मीरी कविता पाठ, और स्थानीय वस्त्रों व शिल्पकला का जीवंत प्रदर्शन शामिल था। कार्यक्रम ने उपस्थित दर्शकों को भारत के उत्तरी हिमालयी क्षेत्रों की अनूठी सुंदरता और आध्यात्मिकता से रूबरू कराया।

आयरलैंड में भारत के राजदूत श्री अखिलेश मिश्र ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन भारतीय सभ्यता की उदारता, समावेशिता और सांस्कृतिक सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने डबलिन में बसे लगभग 200 सदस्यों वाले कश्मीरी समुदाय का विशेष आभार जताया, जिन्होंने इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।

राजदूत मिश्र ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की संस्कृति भारतीय दर्शन, साहित्य और आध्यात्मिकता की धारा में सदियों से अमिट योगदान देती रही है। उन्होंने उल्लेख किया कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है, जिससे विकास, सुरक्षा और शेष भारत के साथ भावनात्मक एकीकरण को नई दिशा मिली है।

उन्होंने शारदा लिपि के पुनरुत्थान, कश्मीरी साहित्य के हिंदी अनुवाद, और कश्मीर शैव दर्शन के महान विद्वान अभिनवगुप्त तथा संत कवयित्री लल देद की रचनाओं के प्रति देशभर में बढ़ती रुचि को भारतीय संस्कृति के पुनर्जागरण का शुभ संकेत बताया।

गौरतलब है कि भारतीय दूतावास ने सितंबर 2023 में राज्य सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रृंखला की शुरुआत की थी, जिसका उद्देश्य आयरलैंड में भारतीय और आयरिश समुदायों के बीच सांस्कृतिक सेतु का निर्माण करना और भारत की विविधता में निहित एकता को विश्वपटल पर उजागर करना है। अब तक इस श्रृंखला के तहत 18 भारतीय राज्यों पर आधारित विशेष प्रस्तुतियाँ आयोजित की जा चुकी हैं, जिनके माध्यम से भारत की सांस्कृतिक समृद्धि का अद्भुत परिचय आयरलैंड की जनता को कराया गया है।

यह आयोजन न केवल भारतीय प्रवासी समुदाय के लिए गर्व का विषय बना, बल्कि भारत और आयरलैंड के बीच सांस्कृतिक सौहार्द और मित्रता की नई मिसाल भी प्रस्तुत कर गया।

Next Story
Share it