ईरान संकट के बीच भारत में न लॉकडाउन होगा, न तेल की कमी - गृह मंत्री अमित शाह का देश को आश्वासन

रिपोर्ट : विजय तिवारी
नई दिल्ली / गुवाहाटी।
मध्य पूर्व में बढ़ते युद्ध जैसे हालात और वैश्विक तनाव के बीच भारत में फैल रही लॉकडाउन और पेट्रोल-डीजल की कमी की आशंकाओं पर केंद्र सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने साफ कहा है कि देश में लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है और न ही पेट्रोल, डीजल या रसोई गैस की कोई कमी होने दी जाएगी।
उन्होंने यह बयान असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गुवाहाटी में भारतीय जनता पार्टी के मेगा रोड शो के दौरान दिया, जहां उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों पर भी विस्तार से बात की।
वैश्विक तनाव से बढ़ी चिंताएं
दरअसल हाल के समय में ईरान , इजरायल और संयुक्त राष्ट्र अमेरिका (Iran, Israel & United States) के बीच बढ़ते तनाव और संभावित युद्ध की खबरों ने पूरी दुनिया में चिंता का माहौल बना दिया है। मध्य पूर्व क्षेत्र दुनिया में कच्चे तेल का सबसे बड़ा स्रोत माना जाता है, इसलिए वहां किसी भी सैन्य संघर्ष का असर सीधे तेल की कीमतों और आपूर्ति पर पड़ता है।
भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए देश में भी लोगों के बीच यह चर्चा शुरू हो गई थी कि अगर युद्ध बढ़ा तो पेट्रोल-डीजल की कमी हो सकती है या फिर कोरोना काल की तरह लॉकडाउन जैसी स्थिति बन सकती है।
अफवाहों पर सरकार ने लगाया विराम
सोशल मीडिया पर कई तरह की भ्रामक खबरें तेजी से फैल रही थीं, जिनमें कहा जा रहा था कि -
1. देश में फिर से लॉकडाउन लग सकता है।
2. पेट्रोल पंपों पर तेल की कमी हो सकती है।
3. गैस सिलेंडर मिलना मुश्किल हो सकता है।
4. जरूरी सामान महंगे हो सकते हैं।
इन सभी अफवाहों को खारिज करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि सरकार पूरी तरह सतर्क है और ऐसी किसी भी स्थिति की संभावना नहीं है जिससे आम जनता को परेशानी हो।
सरकार की तैयारी पहले से पूरी
गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने संभावित वैश्विक संकटों को देखते हुए पहले से ही तैयारी कर रखी है।
सरकार के स्तर पर जो प्रमुख तैयारियां बताई जा रही हैं, उनमें शामिल हैं —
रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार (Strategic Oil Reserve)
विभिन्न देशों से तेल आयात के वैकल्पिक स्रोत, पेट्रोलियम कंपनियों के साथ आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा
आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
अंतरराष्ट्रीय बाजार की लगातार निगरानी
विशेषज्ञों के अनुसार, भारत के पास आपात स्थिति के लिए तेल भंडारण की व्यवस्था है, जिससे कुछ समय तक देश की जरूरतें पूरी की जा सकती हैं।
गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में स्पष्ट कहा कि
“देश में लॉकडाउन लगाने का कोई सवाल ही नहीं उठता। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य रहेगी। किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।”
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही किसी तरह की जमाखोरी करें।
सरकार की ओर से लोगों से यह अपील भी की गई है कि—
अफवाहों पर विश्वास न करें
पेट्रोल, डीजल या गैस की अनावश्यक खरीदारी न करें
केवल सरकारी और आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें, सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर कॉपी पेस्ट भ्रामक खबरें न फैलाएं
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि देश में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। न लॉकडाउन लगाया जाएगा और न ही पेट्रोल-डीजल या गैस की कोई कमी होने दी जाएगी। सरकार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों पर लगातार नजर रख रही है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक और आर्थिक स्तर पर तैयारी पूरी बताई जा रही है।




