Janta Ki Awaz
राष्ट्रीय

पश्चिम एशिया तनाव पर केंद्र की सर्वदलीय बैठक, सरकार का भरोसा – देश की ऊर्जा सुरक्षा पूरी तरह सुरक्षित

पश्चिम एशिया तनाव पर केंद्र की सर्वदलीय बैठक, सरकार का भरोसा – देश की ऊर्जा सुरक्षा पूरी तरह सुरक्षित
X


रिपोर्ट : विजय तिवारी

नई दिल्ली।

पश्चिम एशिया में जारी तनाव और युद्ध जैसे हालात के बीच केंद्र सरकार ने देश की स्थिति और तैयारियों की जानकारी देने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई। करीब डेढ़ घंटे चली इस बैठक में सरकार ने सभी राजनीतिक दलों को आश्वस्त किया कि देश की ऊर्जा सुरक्षा पूरी तरह सुरक्षित है और पेट्रोल, डीजल, गैस सहित अन्य ईंधन की आपूर्ति को लेकर घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

सूत्रों के अनुसार बैठक में सरकार की ओर से बताया गया कि भारत ने ऊर्जा आपूर्ति को लेकर पहले से रणनीतिक तैयारी कर रखी है। देश के पास पर्याप्त तेल और गैस का भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति प्रभावित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार है। सरकार ने यह भी बताया कि भारत अब एक ही क्षेत्र पर निर्भर नहीं है बल्कि कई देशों से तेल और गैस आयात कर आपूर्ति व्यवस्था को सुरक्षित बनाया गया है।

बैठक में पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति, वैश्विक तेल बाजार, समुद्री व्यापार मार्ग और वहां रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। सरकार की ओर से बताया गया कि विदेशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और जरूरत पड़ने पर निकासी योजना भी तैयार रखी गई है।

बैठक के दौरान विदेश नीति को लेकर भी चर्चा हुई। सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया कि भारत इस पूरे मामले में संतुलित और स्वतंत्र विदेश नीति पर काम कर रहा है तथा सभी पक्षों से संवाद बनाए हुए है। इसी दौरान पाकिस्तान द्वारा मध्यस्थता की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि भारत किसी के बीच दलाली या मध्यस्थता करने वाला देश नहीं है और भारत अपनी स्वतंत्र नीति पर चलता है।

सूत्रों के अनुसार बैठक में विपक्षी दलों ने भी कई सवाल उठाए, जिनमें विदेश नीति, संसद में चर्चा और वैश्विक स्थिति पर भारत की भूमिका जैसे मुद्दे शामिल थे। सरकार ने सभी सवालों का जवाब देते हुए कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और राष्ट्रीय हित सर्वोपरि है।

बैठक के अंत में सरकार ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि अंतरराष्ट्रीय संकट के इस समय देशहित के मुद्दों पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर एकजुटता बनाए रखें। कुल मिलाकर बैठक का मुख्य संदेश यह रहा कि सरकार पश्चिम एशिया के हालात पर पूरी नजर रखे हुए है और देश की ऊर्जा सुरक्षा, अर्थव्यवस्था तथा नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पूरी तैयारी की गई है।

Next Story
Share it