ARTO वसूली कांड: चंदौली में जांच तेज, CDR से खुले अहम राज, कई और रडार पर...

ब्यूरो रिपोर्ट, चंदौली...
चंदौली: चंदौली में परिवहन विभाग से जुड़े कथित अवैध वसूली कांड ने तूल पकड़ लिया है। ARTO कार्यालय और उनकी टीम पर ट्रांसपोर्टरों से अवैध वसूली के आरोपों के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और अब इस मामले में नए नाम सामने आने लगे हैं।
सूत्रों की माने तो,जांच की कमान संभाल रहे क्षेत्राधिकारी (CO) देवेंद्र कुमार,अब तक चार अन्य संदिग्धों की पहचान कर चुके हैं। इनमें पासर चंदन यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि आशुतोष सिंह उर्फ गोलू से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस को कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) से महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिससे पूरे नेटवर्क के विस्तार का अंदाजा लगाया जा रहा है।
इससे पहले, ARTO कार्यालय से जुड़े सिपाही दुर्गा श्रीवास्तव को भी जेल भेजा जा चुका है। वहीं डॉ. सर्वेश गौतम समेत अन्य अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में बनी हुई है। ट्रांसपोर्टरों द्वारा कथित वसूली सूची सार्वजनिक किए जाने के बाद विभाग की छवि पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।माना जा रहा है कि यह मामला एक संगठित सिंडिकेट का रूप ले चुका है, जिसमें और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है। ऐसे में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल से लोगों को बड़ी उम्मीदें हैं। माना जा रहा है कि उनकी निगरानी में इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ेगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।




