आंखों पर गॉगल्स... RSS के कार्यक्रम में कुछ इस अंदाज में पहुंचे सलमान खान

मुंबई:
बॉलीवुड एक्टर सलमान खान मुंबई में हो रहे RSS के व्याख्यानमाला कार्यक्रम में पहुंचे हैं. यह कार्यक्रम संघ के गौरवशाली 100 साल की यात्रा के बारे में है. सलमान के साथ ही शाहरुख और आमिर खान को भी कार्यक्रम का न्योता भेजा गया है, दोनों एक्टर शामिल होंगे या नहीं ये अब तक साफ नहीं है. लेकिन सलमान खान कार्यक्रम में पहुंच चुके हैं. उनकी एंट्री धमाकेदार रही. सलमान के वहां पहुंचने का एक वीडियो भी सामने आया है. जिसमें डार्क नीली शर्ट और आंखों पर चश्मा लगाए नजर आ रहे हैं. बता दें कि इस कार्यक्रम में संघ प्रमुख डॉ. मोहन भगवत का संबोधन भी होगा, जिसमें वह संघ की 100 सालों की यात्रा के बारे में बताएंगे.
अमिताभ बच्चन और अनुपम खेर को भी भेजा गया न्योता
बता दें कि संघ के इस कार्यक्रम में उन प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया गया है, जो राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दौरान अयोध्या पहुंची थीं. सिंगर आशा भोसले, फिल्म निर्माता बोनी कपूर, चिराग शेट्टी और फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर शामिल इस लिस्ट में शामिल हैं. एक्टर अमिताभ बच्चन और अनुपम खेर को भी कार्यक्रम का न्योता भेजा गया है, वह कार्यक्रम में शामिल होंगे या नहीं ये अब तक कन्फर्म नहीं है.
1208 लोगों को आमंत्रण, 850 से ज्यादा अतिथि हो रहे शामिल
बिजनेस वर्ल्ड से संघ के कार्यक्रम में कुमार मंगलम बिरला और अंबानी परिवार को आमंत्रण भेजा गया है, वहीं बॉलीवुड के तीनों खान यानी कि शाहरुख, सलमान और आमिर खान को भी बुलाया गया है. क्रिकेट जगत की अगर बात करें तो रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव को भी इन्विटेशन भेजा गया था. लेकिन वर्ल्ड कप के कमिटमेंट के चलते ये लोग कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकेंगे. संघ के कार्यक्रम के लिए कुल 1208 लोगों को आमंत्रण भेजे गए हैं, जिनमें से 850 से ज्यादा गणमान्य अतिथि यहां पहुंच रहे हैं.
आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भगवत ने 7 और 8 फरवरी को मुंबई के नेहरू सेंटर सभागार में "नए क्षितिज" शीर्षक से दो दिवसीय व्याख्यान श्रृंखला का आयोजन किया है. यह कार्यक्रम संघ के शताब्दी वर्ष समारोह के तहत आयोजित किया जा रहा है, जो संगठन के 100 वर्ष पूरे होने का प्रतीक है. कार्यक्रम के पहले दिन डॉ. मोहन भगवत आमंत्रित मेहमानों को संबोधित कर रहे हैं. इस दौरान वह आरएसएस की यात्रा, विचारधारा और भविष्य के दृष्टिकोण को रेखांकित करेंगे.
दूसरे दिन एक संवादात्मक सत्र होगा, जिसमें संघ प्रमुख विभिन्न क्षेत्रों के फेमस व्यक्तियों के सवालों का जवाब देंगे. इस व्याख्यान श्रृंखला का मकसद सामाजिक परिवर्तन, राष्ट्रीय मूल्यों और भारत की विकसित होती भूमिका पर चर्चा को बढ़ावा देना है.




