Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

चंदौली में जीरो फैटलिटी मिशन पर सियासी ब्रेक, NHAI टीम को घेरकर लौटाया गया...

चंदौली में जीरो फैटलिटी मिशन पर सियासी ब्रेक, NHAI टीम को घेरकर लौटाया गया...
X


ब्यूरो रिपोर्ट, चंदौली...

चंदौली। सड़क सुरक्षा को लेकर चल रहे ‘जीरो फैटलिटी डिस्ट्रिक्ट मिशन’ को उस समय बड़ा झटका लगा, जब NHAI की टीम को अवैध कट बंद करने की कार्रवाई के दौरान विरोध का सामना करना पड़ा। गोधना मोड़ पर पहुंचे अधिकारियों और कर्मचारियों को कथित तौर पर स्थानीय गुर्गों ने घेर लिया, जिससे पूरी कार्रवाई ठप हो गई।

बताया जा रहा है कि टीम राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने अवैध कट को बंद करने के लिए JCB मशीन के साथ मौके पर पहुंची थी। यह कदम सड़क हादसों को रोकने के उद्देश्य से उठाया जा रहा था। लेकिन जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, वहां मौजूद कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।आरोप है कि यह विरोध एक सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि के इशारे पर हुआ, जिनका पेट्रोल पंप उसी स्थान के पास स्थित है। विरोध इतना बढ़ गया कि JCB मशीन को बिना काम किए ही वापस लौटना पड़ा और टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा।

घटना के दौरान मौके पर हंगामे का वीडियो किसी ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद प्रशासन की कार्यशैली और राजनीतिक हस्तक्षेप को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

‘जीरो फैटलिटी मिशन’ के तहत प्रशासन का लक्ष्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को शून्य तक लाना है। लेकिन इस तरह के विरोध और दबाव से न केवल अभियान प्रभावित हो रहा है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन घटना ने सड़क सुरक्षा और राजनीतिक हस्तक्षेप के बीच टकराव को उजागर कर दिया है।

Next Story
Share it