शिकायत पर CHC में प्रशासन की दबिश, DM के निर्देश पर SDM की जांच से मचा हड़कंप

सीताराम गुप्ता /अनवार खाँ मोनू
श्रावस्ती।
गिलौला कस्बे स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष हरिओम तिवारी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिए, जिसके बाद एसडीएम प्रवीण यादव ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल शुरू कर दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गई।
जांच के दौरान एसडीएम ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. दीपक शुक्ला का बयान दर्ज किया और वहां मौजूद कर्मचारियों से भी पूछताछ की। प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल दिखा और कर्मचारी सतर्क नजर आए।
बताया जा रहा है कि शिकायत में अस्पताल की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी, जिसके बाद तथ्य सामने आने पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।




