चन्दौली में नशा तस्करों पर बड़ा शिकंजा, 93 किलो गांजा बरामद

ब्यूरो रिपोर्ट, चंदौली...
चन्दौली: जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अलग-अलग दो कार्रवाइयों में कुल 93.350 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई जा रही है।
पहली कार्रवाई में थाना चन्दौली व स्वाट टीम ने नेशनल हाईवे-19 पर चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन से 55.350 किलोग्राम गांजा बरामद किया। गांजा चिप्स और बिस्कुट के पैकेटों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो इसे बिहार ले जाने की फिराक में थे।

वहीं दूसरी कार्रवाई में थाना मुगलसराय पुलिस ने चकिया तिराहे पर घेराबंदी कर एक टाटा मैजिक वाहन से 38 किलोग्राम गांजा बरामद किया। यह गांजा जले हुए मोबिल के ड्रमों में छिपाया गया था। मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया, जिन्होंने पूछताछ में वाराणसी तक गांजा पहुंचाने की बात कबूली।दोनों मामलों में पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।




