फल वितरण कर सपाइयों ने मनाई नेताजी की 86वीं जयंती

बहराइच। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री पद्म विभूषण मुलायम सिंह यादव की 86वीं जयंती पर मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर उनके योगदान को याद किया गया। इसी क्रम में ग्राम पंचायत विदेशीपुरवा अमीनपुर नगरौर स्थित वृद्धा आश्रम में फल वितरण कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष नंदेश्वर नंद यादव ने की, जबकि संचालन पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दिनेश लोधी ने किया।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के अजीत प्रताप सिंह ने कहा कि नेताजी ने हमेशा गरीबों, किसानों, नौजवानों और कमजोर वर्गों की लड़ाई लड़ी। लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष नंदेश्वर नंद यादव ने बताया कि नेताजी का समाजवादी चिंतन सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दिनेश लोधी ने कहा कि नेताजी सामाजिक न्याय और समानता के प्रतीक थे।
अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संत कुमार पासी ने कहा कि नेताजी ने सदैव वंचितों की आवाज़ को मजबूती दी। पूर्व प्रमुख महेंद्र स्वरूप पासवान ने बताया कि नेताजी के सिद्धांत हर कार्यकर्ता को मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
इसी क्रम में सपा राज्य कार्यकारिणी सदस्य विजय साहू मून ने भी नेताजी की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर गोष्ठी का आयोजन किया। उन्होंने कहा कि नेताजी का जीवन संघर्ष, समाजवादी सिद्धांतों और जनसेवा का अद्वितीय उदाहरण है। इसके बाद वे कार्यकर्ताओं के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे और मरीजों को फल व अन्य खाद्य सामग्री वितरित की।
कार्यक्रम में रविन्द्र मौर्या, ललित मिश्रा, सुनील यादव, दुलारे यादव शिवा, संजय गांधी, अनिरुद्ध, सत्यम, राहुल, कृष्ण कुमार, नन्दलाल, प्रदीप कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




