Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य की 7वीं पुण्यतिथि पर भंडारा आयोजित

स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य की 7वीं पुण्यतिथि पर भंडारा आयोजित
X

अयोध्या। ऐतिहासिक पीठ सुग्रीवकिला अयोध्या धाम के पूर्वाचार्य महंत एवं राममंदिर मुक्ति आंदोलन के शलाका पुरुष जगतगुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज को संत-महंतों एवं धर्माचार्यों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अवसर उनकी सातवीं पुण्यतिथि महोत्सव का था, जो शुक्रवार को सुग्रीवकिला में श्रद्धापूर्वक मनाया गया।

संतों ने उन्हें निष्ठा से स्मरण करते हुए उनके कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। विशेष रूप से राममंदिर मुक्ति आंदोलन में उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया गया।

इस अवसर पर ऐतिहासिक पीठ सुग्रीवकिला के वर्तमान पीठाधिपति स्वामी विश्वेश प्रपन्नाचार्य ने बताया कि मठ में उनके गुरुदेव, अयोध्या पीठाधीश्वर जगतगुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज की सातवीं पुण्यतिथि अत्यंत श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। इस अवसर पर रामनगरी के सभी संत-महंत एवं धर्माचार्य उपस्थित रहे। सभी ने गुरुदेव की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

उन्होंने कहा कि गुरुदेव अप्रतिम प्रतिभा के धनी संत थे। वे गौ-सेवा एवं संत-सेवा में सदैव समर्पित रहे। उनका व्यक्तित्व अत्यंत उदार एवं सरल था। राममंदिर मुक्ति आंदोलन में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने श्रीरामजन्मभूमि मुक्ति के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया और जीवन पर्यंत इसी संकल्प में लगे रहे। उनकी गणना श्रीरामजन्मभूमि आंदोलन के अग्रणी योद्धाओं में होती थी। उनका स्वप्न था श्रीरामजन्मभूमि पर दिव्य-भव्य मंदिर का निर्माण, जो अब साकार हो चुका है।

पुण्यतिथि के अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें संत-महंत, धर्माचार्य एवं भक्तजनों ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम के अंत में ऐतिहासिक पीठ सुग्रीवकिला के उत्तराधिकारी स्वामी अनंत पद्मनाभाचार्य महाराज ने पधारे हुए संत-महंतों एवं धर्माचार्यों का स्वागत-सत्कार कर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।

श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में महंत कमलनयन दास, महंत जन्मेजय शरण, महंत अयोध्या दास, महंत अवधकिशोर शरण, महंत रामलोचन शरण, हनुमानगढ़ी के सरपंच महंत रामकुमार दास, महंत रामदास यज्ञाचार्य, महंत डॉ. उद्धव शरण, महंत राममिलन शरण, महंत डॉ. जयराम दास वेदांती, महंत रामनारायण दास, महंत धर्मदास, महंत कन्हैया दास, नागा रामलखन दास, पूर्व पार्षद पुजारी रमेश दास सहित अनेक संत-महंत, धर्माचार्य एवं भक्तजन उपस्थित रहे।

Next Story
Share it