मथुरा में दुल्हनों से छेड़खानी का मामला: मंत्री असीम अरुण परिजनों से मिले, बोले- ये सपा के गुंडे हैं

मथुरा। दुल्हन बनीं दो दलित बेटियों से मारपीट व बरात लौटने के प्रकरण में सियासत तेज हो गई है। बसपा प्रदेश अध्यक्ष के बाद बुधवार को समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्यमंत्री ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और सपा सरकार को जमकर कोसा।
आरोपितों को सपा के गुंडे बताते हुए कहा कि योगी को इनको ठीक करना आता है। सभी आरोपित डकैती में जेल भेजे गए हैं। इनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।
समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण बुधवार सुबह साढ़े 11 बजे पीड़ित के घर पहुंचे। यहां उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने परिवार को बताया कि सपा के गुंडों को योगी सरकार को सबक सिखाना आता है। सभी 15 आरोपित गिरफ्तार करके डकैती में जेल भेजे गए हैं।
इनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई कराई जाएगी। जिन अपराधियों ने ऐसी घटना की है, वह बच नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा कि सपा के गुंडों को लगा कि हमारे परिवार की बेटियों, बहनों का अपमान कर लेंगे और बच जाएंगे। योगी ने इसे गंभीरता से लिया है और उनको परिवार से मिलने के लिए भेजा है।
कहा कि बेटियों, उनके स्वजन और रिश्तेदारों के साथ मारपीट व अपमान किया गया है, वह सहनीय नहीं है। सपा के लोग हमेशा समाज को गलत दिशा में लेकर जाने का काम करते हैं। समाज को योगी सही दिशा में लेकर जा रहे हैं। आधुनिक युग में यह नहीं होना चाहिए।
सपा के गुंडों की मानसिकता आधुनिक नहीं- असीम अरुण
कहा कि सपा के गुंडों की मानसिकता आधुनिक नहीं है। इनकी मानसिकता समाज को पीछे ले जाने वाली है। पीछे लेकर जाने का काम करने वाले आज सब सलाखों के पीछे हैं। हम सब मिलकर इनके खिलाफ काम कर रहे हैं। योगी और मोदी सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही दोनों बेटियों के लिए दूल्हे ढूंढेंगे। इसके बाद सर्व समाज मिलकर शादी में सम्मिलित होंगे। इस मौके पर बलदेव विधायक पूरन प्रकाश, गोवर्धन विधायक मेघश्याम सिंह, महानगर अध्यक्ष घनश्याम लोधी आदि मौजूद थे।
ये है मामला
दबंगों ने सड़क से पहले निकलने के विवाद में बड़ी घटना को अंजाम दे डाला। दलितों की शादी में हमला बोल दिया। वरमाला के लिए सजकर आ रही दो सगी दुल्हन बहनों को कार से खींचकर पीटा। उनसे छेड़खानी की और कीचड़ फेंका। इसके बाद साथियों के साथ शादी के मंडप में जा पहुंचे।
वहां खड़ी दो कारों को ट्रैक्टर से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। दूल्हे के पिता का डंडे से सिर फोड़ दिया फिर बरातियों को बेरहमी से पीटा। विवाद के बाद दहशत में आया दूल्हा पक्ष रिश्ता तोड़कर चला गया। उन्होंने वधु पक्ष को दिया सामान भी वापस ले लिया।




