Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

मिशन शक्ति फेज-5 में महिला नेतृत्व की कमी, 75 जनपदों में मात्र 6 महिला SP/CP

मिशन शक्ति फेज-5 में महिला नेतृत्व की कमी, 75 जनपदों में मात्र 6 महिला SP/CP
X

लखनऊ।

उत्तर प्रदेश में चल रहे मिशन शक्ति फेज-5 की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं मॉनीटरिंग कर रहे हैं। प्रदेश सरकार की कोशिश है कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को और मज़बूती मिले। इस अभियान को सफल बनाने में वरिष्ठ अधिकारी भी पूरी गंभीरता से जुटे हैं।

लेकिन आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश में महिला नेतृत्व की स्थिति अभी भी बहुत सीमित है। वर्तमान में 75 जनपदों में से केवल 5 महिला SP और 1 महिला पुलिस कमिश्नर ही चार्ज पर हैं। यानी मात्र 6 जनपद ही महिला अधिकारियों के नेतृत्व में कार्य कर रहे हैं।

विशेषज्ञों और समाजसेवियों का मानना है कि यदि मिशन शक्ति को असली रूप देना है तो महिला अधिकारियों को और अधिक नेतृत्व की ज़िम्मेदारी दी जानी चाहिए। कम से कम 10% प्रतिनिधित्व (लगभग 15 जनपद) महिला SP/SSP के हाथ में होना चाहिए।

इससे दो बड़े लाभ होंगे—

महिला सुरक्षा व सम्मान की गारंटी: महिला अफसरों की मौजूदगी से महिलाओं और बच्चियों में पुलिस पर भरोसा बढ़ेगा और वे खुलकर अपनी समस्याएं साझा कर सकेंगी।

प्रेरणा का स्रोत: महिला नेतृत्व से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और युवतियों को प्रशासनिक सेवाओं में आने की प्रेरणा मिलेगी।

जानकारों का कहना है कि मिशन शक्ति की वास्तविक सफलता तभी संभव होगी जब महिलाएं न केवल लाभार्थी बल्कि निर्णयकर्ता और नेतृत्वकर्ता की भूमिका में भी आगे बढ़ें।

Next Story
Share it